काराकास: शक्तिशाली भूकंप से प्रभावित वेनेजुएला में भारत की ओर से चलाया जा रहा मानवीय सहायता अभियान स्थानीय नागरिकों के लिए बड़ी राहत बन गया है। भारतीय सेना द्वारा स्थापित फील्ड अस्पताल में इलाज कराने वाले कई लोगों ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की सेवाओं की खुलकर प्रशंसा की है। मरीजों ने मुफ्त इलाज, दवाओं, देखभाल और एंबुलेंस सुविधा के लिए भारत का आभार जताया।
‘60 वर्षों में ऐसी चिकित्सा सेवा नहीं देखी’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई वीडियो साझा किए। इनमें फील्ड अस्पताल में इलाज कराने वाले मरीज और उनके परिवार भारतीय मेडिकल टीम को धन्यवाद देते दिखाई दिए। एक स्थानीय महिला ने कहा कि उसने पिछले 60 वर्षों में इतनी संवेदनशील चिकित्सा सेवा नहीं देखी। इलाज के बाद उसने स्वास्थ्य में सुधार होने की बात भी कही।
महिला ने विशेष रूप से भारतीय टीम द्वारा घर वापस जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करने पर आभार जताया। उसने कहा कि किसी तरह लोगों की सहायता से वह अस्पताल पहुंची थी, लेकिन इलाज के बाद भारतीय मेडिकल टीम ने उसे सुरक्षित घर पहुंचाने की जिम्मेदारी भी उठाई।
एक अन्य मरीज ने बताया कि फील्ड अस्पताल से मिली दवाओं के लिए उससे कोई पैसा नहीं लिया गया। उसने कहा कि भारत द्वारा स्थापित अस्पताल स्थानीय समुदाय के लिए बेहद मददगार साबित हो रहा है। मरीजों की इन प्रतिक्रियाओं को साझा करते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय सेना की टीम भूकंप प्रभावित लोगों तक उपचार और मानवीय सहायता पहुंचा रही है।
चौबीसों घंटे मिल रहा मुफ्त इलाज
भारतीय सेना का फील्ड अस्पताल काराकास के इंटरनेशनल ला रिंकोनाडा रेसट्रैक परिसर में स्थापित किया गया है। अनुभवी डॉक्टरों और अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम यहां मरीजों को चौबीसों घंटे मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है। अस्पताल को पूरी तरह परिचालन में लाया जा चुका है और इसकी सेवाएं दिन-रात खुली हैं।
भूकंप के कारण वेनेजुएला के कई स्वास्थ्य केंद्रों को नुकसान पहुंचा है, जबकि चालू अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर भारी दबाव है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अस्पतालों में भीड़, सर्जरी के बढ़ते मामलों और चिकित्सा कर्मचारियों की कमी पर चिंता जताई है। ऐसे हालात में भारतीय फील्ड अस्पताल स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था को महत्वपूर्ण सहयोग दे रहा है।
ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत पहुंची मदद
भारत ने वेनेजुएला की सहायता के लिए ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू किया है। इसके तहत भारतीय वायुसेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमानों से सेना का फील्ड अस्पताल, चिकित्सा उपकरण, दवाएं और राहत सामग्री भेजी गई। दोनों विमानों ने कुल 66 टन सहायता पहुंचाई, जिसमें 35 टन से अधिक आपातकालीन राहत सामग्री शामिल थी।
भारत की सहायता में पोर्टेबल अस्पताल प्रणाली और उन्नत चिकित्सा उपकरण भी शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल आपातकालीन उपचार, जांच और गंभीर रूप से घायल लोगों की देखभाल के लिए किया जा रहा है। स्थानीय लोगों की भावुक प्रतिक्रियाएं दिखाती हैं कि संकट के समय भारत की चिकित्सा सहायता ने उन्हें इलाज के साथ भरोसा और मानवीय सहारा भी दिया है।

