नेटफ्लिक्स के चर्चित रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ के दूसरे सीजन में बड़ा ट्विस्ट आने वाला है। शो की पहली होस्ट रहीं कंगना रनौत इस वीकेंड विशेष अतिथि के रूप में वापसी करेंगी। हालांकि, इस बार वह शो को होस्ट नहीं करेंगी, बल्कि पहले एलिमिनेशन एपिसोड में ‘जनता की आवाज’ बनकर फराह खान और रितेश देशमुख के साथ नजर आएंगी। उनकी एंट्री से कंटेस्टेंट्स के बीच चल रहे मुकाबले और तनाव के और बढ़ने की उम्मीद है।
‘जनता की आवाज’ बनेंगी कंगना रनौत
नए एपिसोड में कंगना दर्शकों का नजरिया कंटेस्टेंट्स के सामने रखेंगी। वह घर के सदस्यों के व्यवहार, खेल और फैसलों पर सवाल कर सकती हैं। कंगना की टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह शो हमेशा अपनी सच्चाई स्वीकार करने के बारे में रहा है, भले ही वह कितनी भी असहज क्यों न हो।
कंगना ने अपनी वापसी पर कहा कि वह पहले एलिमिनेशन के लिए फराह और रितेश के साथ जूरी के रूप में शामिल होंगी और “हर पसंद की एक कीमत चुकानी पड़ती है।” उनकी यह टिप्पणी संकेत देती है कि आने वाला एपिसोड कंटेस्टेंट्स के लिए आसान नहीं होने वाला है।
खतरे में हैं ये पांच कंटेस्टेंट्स
पहले एलिमिनेशन से पहले श्रेया कालरा, श्रेष्ठा अय्यर, सूफी मोतीवाला, रियाज अली और माधुरी ग्रोवर के डेंजर जोन में होने की खबर है। इन्हीं पांच सदस्यों में से किसी एक के शो से बाहर होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, मेकर्स ने अभी एलिमिनेशन के अंतिम नतीजे की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर जारी चर्चा के मुताबिक, दर्शकों के वोट और जूरी के फैसले के बाद बेघर होने वाले पहले कंटेस्टेंट का नाम सामने आएगा।
श्रेया कालरा अपने बयानों और दूसरे सदस्यों के साथ विवादों के कारण लगातार चर्चा में हैं। वहीं, सूफी मोतीवाला ने भी शो में कई निजी आरोप और खुलासे कर सुर्खियां बटोरी हैं। रियाज अली की बड़ी सोशल मीडिया फैन फॉलोइंग है, लेकिन उनके खेल को लेकर दर्शकों की राय बंटी हुई दिखाई दे रही है। माधुरी ग्रोवर और श्रेष्ठा अय्यर भी शुरुआती सप्ताह में अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश करती नजर आई हैं।
फराह खान और रितेश देशमुख संभाल रहे होस्टिंग
‘लॉक अप: सच या सजा’ का दूसरा सीजन 27 जून को नेटफ्लिक्स पर शुरू हुआ था। इस बार शो की मेजबानी फिल्ममेकर फराह खान और अभिनेता रितेश देशमुख कर रहे हैं। शो में 15 कंटेस्टेंट्स को जेल जैसे नियंत्रित वातावरण में रखा गया है, जहां उन्हें मुश्किल टास्क, सीमित सुविधाओं और बदलते रिश्तों के बीच आगे बढ़ना है। नए एपिसोड शनिवार से बुधवार रात आठ बजे जारी किए जा रहे हैं।
कंगना इस बार होस्ट क्यों नहीं बनीं?
प्रोड्यूसर एकता कपूर ने शो के लॉन्च के दौरान बताया था कि दूसरे सीजन के फॉर्मेट, ब्रांडिंग और जेलर-जज व्यवस्था को पूरी तरह नया रूप दिया गया है। इसी रचनात्मक बदलाव के कारण कंगना की जगह नए होस्ट लाए गए। इसके बावजूद पहले एलिमिनेशन में उनकी वापसी पुराने और नए सीजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बनेगी। अब दर्शकों को इंतजार है कि कंगना किस कंटेस्टेंट से सवाल करेंगी और ‘लॉक अप’ से सबसे पहले किसका सफर समाप्त होगा

