नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। पिछले कई दिनों से अलग-अलग राज्यों में बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग ने गुरुवार को भी कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बिहार और झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद बिहार के सीमावर्ती इलाकों में भी लोगों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
बिहार-झारखंड समेत इन राज्यों में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 27 से 30 अगस्त के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गंगा के मैदानी क्षेत्र वाले पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, सिक्किम तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश का दौर जारी रह सकता है। बिहार में भी गुरुवार को कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।
29 और 30 अगस्त को ओडिशा में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी तेज हवाओं के साथ खराब मौसम की संभावना जताई गई है। यहां हवा की रफ्तार करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पश्चिम और दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर
27 अगस्त से 1 सितंबर तक गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र, कोंकण, गोवा और कच्छ में कई जगह बारिश होने की संभावना है। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अगस्त से 1 सितंबर के बीच असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश हो सकती है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। सुबह से दोपहर के बीच राजधानी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम में बदलाव की वजह उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र है, जो अब दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उससे सटे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ गया है।
जालौन और सीतापुर में स्कूल बंद
लगातार बारिश और मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में प्रशासन ने एहतियाती कदम भी उठाए हैं। जालौन और सीतापुर में बारिश की स्थिति को देखते हुए स्कूल बंद किए गए हैं। प्रशासन स्थानीय परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए है।
कुल मिलाकर अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, बाढ़ और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा बना रह सकता है। लोगों को मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

