8 Jul 2026, Wed

‘टॉक्सिक’ के पहले ही गाने से यश और कियारा ने मचाई ‘तबाही’, रोमांस और केमिस्ट्री से नहीं हटेगी नजर

 

साउथ सुपरस्टार यश की मचअवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ रिलीज से पहले ही जबरदस्त सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म के टीजर ने पहले ही दर्शकों के बीच एक्साइटमेंट बढ़ा दी थी और अब मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना ‘तबाही’ रिलीज कर दिया है। गाने के वीडियो में यश और कियारा आडवाणी की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। रिलीज होते ही यह गाना सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ पहले ‘धुरंधर 2’ के साथ रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट टाल दी गई। अब यह फिल्म अगस्त में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी क्रेज है और फैंस लंबे समय से इसके पहले गाने के वीडियो का इंतजार कर रहे थे। गाने ‘तबाही’ का ऑडियो मार्च में ही रिलीज किया गया था, लेकिन इसके ऑफिशियल वीडियो को मेकर्स ने अब तक सस्पेंस में रखा था।

अब जब गाने का म्यूजिक वीडियो सामने आया है, तो फैंस की एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है। वीडियो को बेहद भव्य और ग्लैमरस अंदाज में फिल्माया गया है। इसमें यश और कियारा आडवाणी के बीच कई रोमांटिक और इमोशनल मोमेंट्स नजर आ रहे हैं। दोनों की ऑन-स्क्रीन जोड़ी सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। फैंस का कहना है कि यश और कियारा की जोड़ी स्क्रीन पर बेहद फ्रेश और दमदार लग रही है।

इस गाने को साझा करते हुए यश ने सूफी संत रूमी की पंक्तियों का जिक्र किया और लिखा कि सही और गलत के विचारों से परे एक मैदान है, जहां वे मिलेंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी याद दिलाया कि ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

पैन-इंडिया दर्शकों को ध्यान में रखते हुए इस गाने को कई भाषाओं में रिलीज किया गया है। गाने को मशहूर संगीतकार विशाल मिश्रा ने कंपोज किया है। हिंदी वर्जन के बोल राज शेखर ने लिखे हैं, जबकि कन्नड़ में योगराज भट, तेलुगु में रामजोगय्या शास्त्री, तमिल में विग्नेश शिवन और मलयालम में रफीक अहमद ने लिरिक्स तैयार किए हैं। अलग-अलग भाषाओं में रिलीज होने की वजह से यह गाना देशभर के दर्शकों तक पहुंच रहा है।

गाने के सामने आते ही फैंस ने सोशल मीडिया पर तारीफों की बौछार कर दी। कई यूजर्स ने यश और कियारा की केमिस्ट्री को फिल्म की सबसे बड़ी हाइलाइट बताया। कुछ फैंस ने गाने को ‘इंतजार के काबिल’ और ‘रोंगटे खड़े कर देने वाला’ बताया है।

‘केजीएफ: चैप्टर 2’ के बाद यश की बड़े पर्दे पर वापसी को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ी हुई हैं। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, अक्षय ओबेरॉय, टोविनो थॉमस और सुदेव नायर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अब देखना होगा कि रिलीज के बाद ‘टॉक्सिक’ बॉक्स ऑफिस पर कैसी तबाही मचाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *