गर्मी का मौसम आते ही बाजार में कच्चे आमों की भरमार शुरू हो जाती है और इसी के साथ घरों में आम का अचार बनाने की तैयारी भी शुरू हो जाती है। भारतीय रसोई में आम का अचार सिर्फ एक खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि स्वाद और परंपरा का हिस्सा माना जाता है। खाने की साधारण थाली में भी अगर आम का अचार मिल जाए तो स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। हालांकि स्वादिष्ट और लंबे समय तक टिकने वाला अचार बनाने के लिए सही मसालों का इस्तेमाल बेहद जरूरी होता है। अगर मसालों का संतुलन सही न हो तो अचार का स्वाद फीका पड़ सकता है और वह जल्दी खराब भी हो सकता है।
आम के अचार में सबसे अहम भूमिका सरसों के दानों की होती है। पीली और काली सरसों दोनों ही अचार में इस्तेमाल की जाती हैं। सरसों अचार को हल्का तीखा और चटपटा स्वाद देती है, जो खाने का मजा बढ़ा देती है। इसके अलावा सरसों में मौजूद प्राकृतिक गुण अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में भी मदद करते हैं। यही वजह है कि पारंपरिक अचारों में सरसों का उपयोग जरूरी माना जाता है।
मेथी दाना भी आम के अचार का एक महत्वपूर्ण मसाला है। यह अचार में हल्की कड़वाहट और खास खुशबू जोड़ता है, जिससे उसका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार मेथी दाने को हल्का भूनकर इस्तेमाल करने से उसका फ्लेवर और बढ़ जाता है। इतना ही नहीं, मेथी पाचन के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है, इसलिए यह अचार को स्वादिष्ट बनाने के साथ हेल्दी भी बनाती है।
अगर आप चाहते हैं कि आपके अचार में हल्की मिठास और खुशबू बनी रहे तो सौंफ का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। सौंफ अचार के मसालों के तीखेपन को संतुलित करती है और खाने में शानदार फ्लेवर देती है। कई लोग अचार में सौंफ की मात्रा थोड़ी ज्यादा रखते हैं ताकि स्वाद और भी बेहतर हो सके।
हल्दी भी आम के अचार का जरूरी हिस्सा है। हल्दी अचार को सुंदर पीला रंग देने के साथ-साथ उसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण भी जोड़ती है। यही कारण है कि हल्दी अचार को जल्दी खराब होने से बचाने में मदद करती है। इसके अलावा हल्दी स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद मानी जाती है।
इन मसालों के अलावा लाल मिर्च पाउडर, हींग और नमक का इस्तेमाल भी अचार में किया जाता है। लाल मिर्च अचार को तीखापन देती है, जबकि हींग उसकी खुशबू और स्वाद को बढ़ाती है। वहीं नमक अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अचार बनाते समय साफ-सफाई का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है। अचार को हमेशा सूखे और साफ बर्तन में रखना चाहिए, क्योंकि थोड़ी सी नमी भी अचार को खराब कर सकती है।
अगर सही मसालों और सही तरीके से आम का अचार तैयार किया जाए तो उसका स्वाद महीनों तक बरकरार रहता है। यही वजह है कि भारतीय घरों में आज भी पारंपरिक तरीके से बने आम के अचार की खास जगह बनी हुई है।

