छोटी बजट में बनी हॉरर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा धमाका किया है कि बड़े-बड़े हॉलीवुड और भारतीय प्रोजेक्ट्स भी इसके आगे फीके पड़ते नजर आ रहे हैं। महज 7 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अपनी लागत से करीब 100 गुना ज्यादा कमाई कर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है।
इस फिल्म का नाम Obsession बताया जा रहा है, जो इन दिनों दुनियाभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म ने न सिर्फ कम बजट में शानदार मुनाफा कमाया है, बल्कि 2026 की सबसे ज्यादा प्रॉफिटेबल फिल्मों में भी अपनी जगह बना ली है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस इंडिपेंडेंट हॉरर फिल्म का कुल बजट लगभग 750,000 डॉलर (करीब 7 करोड़ रुपये) था, जबकि इसकी वर्ल्डवाइड कमाई 80 मिलियन डॉलर (लगभग 750 करोड़ रुपये से अधिक) तक पहुंच चुकी है। यानी फिल्म ने अपने निवेश से लगभग 10,000% का जबरदस्त रिटर्न दिया है।
फिल्म की सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि इसने कई बड़े प्रोजेक्ट्स को पीछे छोड़ दिया है, जिनमें Michael और कथित तौर पर बड़ी बजट वाली फिल्मों को भी पछाड़ दिया गया है। इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह साल हॉरर जॉनर के लिए बेहद शानदार साबित हो रहा है।
फिल्म की कमाई की रफ्तार भी लगातार बढ़ रही है। रिलीज के शुरुआती 10 दिनों में ही इसने उम्मीद से कहीं ज्यादा प्रदर्शन किया। दूसरे वीकेंड पर फिल्म ने करीब 22 मिलियन डॉलर की कमाई की, जो इसके ओपनिंग वीकेंड से भी ज्यादा है। यह दर्शाता है कि फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
उत्तरी अमेरिका में फिल्म ने सीमित स्क्रीन्स के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया है, जबकि इंटरनेशनल मार्केट में भी इसकी पकड़ मजबूत बनी हुई है। अब तक यह फिल्म 100 मिलियन डॉलर के आंकड़े की ओर तेजी से बढ़ रही है। अगर यह आंकड़ा पार कर लेती है तो यह बेहद कम बजट में बनकर 100 मिलियन डॉलर क्लब में शामिल होने वाली चुनिंदा फिल्मों में शामिल हो जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की सफलता दिखाती है कि आज के समय में सिर्फ बड़ा बजट ही नहीं, बल्कि मजबूत कहानी और कंटेंट भी किसी फिल्म को ब्लॉकबस्टर बना सकता है। Obsession की यह सफलता आने वाले समय में इंडिपेंडेंट फिल्ममेकर्स के लिए एक बड़ा उदाहरण बन सकती है।

