ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर सर्वाइवल थ्रिलर फिल्मों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है, और इसी कड़ी में हाल ही में रिलीज हुई फिल्म थ्रैश ने दर्शकों का खास ध्यान खींचा है। रिलीज के महज कुछ ही दिनों में इस फिल्म ने Netflix पर टॉप ट्रेंडिंग लिस्ट में अपनी जगह बना ली है, जिससे साफ है कि दर्शकों को यह फिल्म खूब पसंद आ रही है।
10 अप्रैल 2026 को रिलीज हुई यह फिल्म लगभग 2 घंटे 3 मिनट लंबी है और शुरुआत से लेकर अंत तक दर्शकों को बांधे रखने में कामयाब रहती है। फिल्म की कहानी एक खतरनाक और दिल दहला देने वाली परिस्थिति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें कुछ लोग एक भीषण प्राकृतिक आपदा में फंस जाते हैं और फिर अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ते हैं।
फिल्म की कहानी साउथ कैरोलिना के एक शहर से शुरू होती है, जहां अचानक कैटेगरी फाइव का शक्तिशाली तूफान आता है। तूफान इतना भयानक होता है कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिलता। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण तटबंध टूट जाते हैं और देखते ही देखते पूरा शहर पानी में डूब जाता है। हालात तब और भी भयावह हो जाते हैं, जब बाढ़ के पानी में खतरनाक शार्क घुस आती हैं। इसके बाद शुरू होती है इंसानों और प्रकृति के बीच खौफनाक जंग, जहां हर पल मौत का खतरा मंडराता रहता है।
इस फिल्म का निर्देशन टॉमी विर्कोला ने किया है, जो अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। फिल्म में फीबी डायनेवर, डिजिमॉन हौंसू और व्हिटनी पीक मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं। सभी कलाकारों ने अपने किरदारों को बखूबी निभाया है, जिससे फिल्म की कहानी और भी प्रभावशाली बन जाती है।
फिल्म की सबसे खास बात इसका रोमांच और सस्पेंस है। तूफान और बाढ़ के बीच फंसे लोगों की जिंदगी और मौत की जंग को जिस तरह से दिखाया गया है, वह दर्शकों को सीट से बांधे रखता है। खासतौर पर शार्क अटैक वाले सीन फिल्म में एड्रेनालिन का स्तर और बढ़ा देते हैं, जो इसे एक अलग ही स्तर का सर्वाइवल थ्रिलर बना देते हैं।
दर्शकों से मिल रहे जबरदस्त रिस्पॉन्स का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फिल्म रिलीज के कुछ ही दिनों में नेटफ्लिक्स की ट्रेंडिंग लिस्ट में छठे नंबर पर पहुंच गई है। हालांकि, IMDb पर इसे 5.4 की रेटिंग मिली है, लेकिन इसके बावजूद दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता कम नहीं हुई है।
भारत में भी यह फिल्म तेजी से लोकप्रिय हो रही है। खास बात यह है कि इसे अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगु में भी डब किया गया है, जिससे यह ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंच रही है।
अगर आप सस्पेंस, रोमांच और सर्वाइवल ड्रामा से भरपूर फिल्में देखना पसंद करते हैं, तो ‘थ्रैश’ आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है। यह फिल्म न सिर्फ आपको एंटरटेन करेगी, बल्कि हर पल आपको रोमांच का नया अनुभव भी देगी।

