8 Aug 2026, Sat

‘बटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचे सनी देओल, सीएम योगी से की मुलाकात, प्रीति जिंटा भी साथ रहीं मौजूद

लखनऊ। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा अपनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। फिल्म की रिलीज से पहले दोनों कलाकार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर हुई, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

सनी देओल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “लखनऊ में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से मिलकर बहुत खुशी हुई। उनके साथ बहुत ही सुखद और आत्मीय बातचीत हुई।”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि आज लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर मशहूर फिल्म अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा से शिष्टाचार भेंट हुई।

सीएम योगी ने भेंट कीं देवी-देवताओं की प्रतिमाएं

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनी देओल और प्रीति जिंटा का स्वागत किया और उन्हें हिंदू देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भेंट कीं। इस दौरान तीनों ने साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में सनी देओल और प्रीति जिंटा मुख्यमंत्री के साथ बातचीत करते और मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।

इस मुलाकात को फिल्म प्रमोशन के साथ-साथ एक औपचारिक और सौहार्दपूर्ण भेंट के रूप में भी देखा जा रहा है।

लखनऊ में फिल्म का जोरदार प्रमोशन

सनी देओल और प्रीति जिंटा अपनी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रचार अभियान के तहत लखनऊ पहुंचे थे। इस दौरान सनी देओल के बेटे और फिल्म के अभिनेता करण देओल भी उनके साथ मौजूद रहे। फिल्म की टीम उत्तर प्रदेश में दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ाने में जुटी हुई है।

‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की रिलीज आजादी के सप्ताह में होने जा रही है, जिसके चलते इसे लेकर दर्शकों के बीच खास उत्सुकता देखी जा रही है। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म का मुकाबला इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से होने वाला है।

विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है फिल्म

राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ‘बंटवारा 1947’ भारत-पाकिस्तान विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म है। फिल्म में विभाजन के दर्द, बिछड़ते रिश्तों, प्रेम, त्याग और साहस की कहानी को भावनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।

फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म का नया गाना ‘तबस्सुम’ रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

फिल्म के ट्रेलर और गानों को मिली सराहना के बाद ‘बंटवारा 1947’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह फिल्म स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बॉक्स ऑफिस पर कितना प्रभाव छोड़ती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *