मुंबई। हिंदी और साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत के निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। 74 वर्ष की उम्र में दुर्लभ ब्लड कैंसर के कारण उनका निधन हो गया। 7 अगस्त को मुंबई में उनकी प्रेयर मीट आयोजित की गई, जहां फिल्म और टीवी जगत से जुड़े कई कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इस दौरान प्रदीप रावत के बेटे विक्रमादित्य रावत अपने पिता को याद करते हुए भावुक हो गए और फूट-फूटकर रो पड़े। उनका यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
‘गजनी’, ‘सरफरोश’ और ‘लगान’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले प्रदीप रावत ने हिंदी के साथ-साथ साउथ सिनेमा में भी अपनी खास पहचान बनाई थी। उनके निधन से बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री दोनों को बड़ा झटका लगा है।
प्रेयर मीट में उमड़े फिल्मी सितारे
प्रदीप रावत की प्रेयर मीट में अभिनेत्री सुहासिनी मुले, रघुबीर यादव, मुकेश ऋषि, सुनील पाल, करण वी ग्रोवर सहित कई कलाकार पहुंचे। सभी ने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हालांकि, इस दौरान सबसे भावुक क्षण तब देखने को मिला जब प्रदीप रावत के बेटे विक्रमादित्य रावत ने वहां मौजूद लोगों का धन्यवाद करने की कोशिश की। पिता की याद में उनका गला भर आया और वह खुद को संभाल नहीं सके।
पिता को याद कर टूट गए विक्रमादित्य
प्रेयर मीट से सामने आए एक वीडियो में विक्रमादित्य लोगों को संबोधित करते हुए कहते हैं, “जो भी लोग यहां आए हैं, मैं उन सभी का दिल से धन्यवाद करता हूं। मैं अभी ज्यादा कुछ बोलने की हालत में नहीं हूं। मेरे साथ उनकी बहुत सारी यादें जुड़ी हुई हैं। मैं ज्यादा कुछ नहीं कह पाऊंगा। मेरे हाथ-पैर कांप रहे हैं। बस इतना कहना चाहता हूं कि आप सभी का बहुत-बहुत शुक्रिया। वह आप सभी से बहुत प्यार करते थे।”
यह कहते-कहते विक्रमादित्य भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। वहां मौजूद कई लोग भी इस भावुक पल को देखकर खुद को रोक नहीं सके।
पिता की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प
प्रेयर मीट के बाद न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में विक्रमादित्य रावत ने अपने पिता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके जैसा पिता मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात थी। उन्होंने कहा, “मैं अपने पिता के बारे में जितना कहूं, उतना कम है। वह सम्मान और इज्जत से जीने वाले इंसान थे। अगर भगवान मुझसे पूछें कि मुझे कैसा पिता चाहिए, तो मैं हमेशा उन्हीं का नाम लूंगा।”
उन्होंने आगे कहा कि उनके पिता को उन पर भरोसा था और उन्हें भी पूरा विश्वास है कि एक दिन वह उनके नाम को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाना चाहते हैं और उनके सम्मान को बनाए रखने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।
प्रदीप रावत अपने दमदार किरदारों और प्रभावशाली अभिनय के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनकी फिल्मों और यादगार भूमिकाओं ने भारतीय सिनेमा में उन्हें एक विशेष स्थान दिलाया है।

