9 Jul 2026, Thu

‘बजरंगी भाईजान’ एक्टर राजेश शर्मा अस्पताल में भर्ती, असिस्टेंट ने चर्चाओं पर लगाया विराम, दिया हेल्थ अपडेट

 

बॉलीवुड और वेब सीरीज की दुनिया में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले अभिनेता राजेश शर्मा इन दिनों अपनी सेहत को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर तेजी से फैल रही थी। कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि प्रभास की आने वाली फिल्म की शूटिंग के दौरान किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी के काटने की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि अब राजेश शर्मा के असिस्टेंट ने इन खबरों को गलत और बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया बताया है।

राजेश शर्मा के असिस्टेंट ने सोशल मीडिया पर सामने आ रही अफवाहों को खारिज करते हुए साफ किया कि अभिनेता को किसी कीड़े के काटने की वजह से अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया था। उन्होंने बताया कि राजेश शर्मा को डायबिटीज से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल अभिनेता डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। असिस्टेंट के मुताबिक, राजेश शर्मा जल्द ही अस्पताल से डिस्चार्ज हो सकते हैं।

दरअसल, इससे पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें दावा किया गया था कि राजेश शर्मा को रामोजी फिल्म सिटी में प्रभास की फिल्म की शूटिंग के दौरान किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी ने काट लिया था। पोस्ट के अनुसार, शूटिंग खत्म होने के बाद अभिनेता घनी झाड़ियों वाले इलाके में कुछ लोकल टेक्नीशियन्स से बातचीत कर रहे थे, तभी उन्हें कीड़े के काटने जैसा महसूस हुआ। उस समय उन्होंने इसे गंभीर नहीं माना और तुरंत मेडिकल मदद नहीं ली। बाद में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और कोलकाता की फ्लाइट के दौरान उन्हें तेज बुखार और बेचैनी महसूस हुई। इसके बाद उन्हें पश्चिम बंगाल के ढाकुरिया स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यह दावा एक्ट्रेस सुदीपा चटर्जी के इंस्टाग्राम पोस्ट के बाद चर्चा में आया था। पोस्ट में कहा गया था कि इंफेक्शन अभिनेता के पैर से घुटने तक फैल गया है और प्रभावित हिस्से पर बड़े-बड़े छाले बन रहे हैं। हालांकि राजेश शर्मा के असिस्टेंट ने इन दावों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि अभिनेता की सेहत को लेकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील भी की।

राजेश शर्मा हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने अपने छोटे-बड़े किरदारों से दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी है। वह ‘खोसला का घोसला’, ‘इश्किया’, ‘स्पेशल 26’, ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ और ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘क्रू’, ‘दबंग 3’, ‘मर्दानी 2’, ‘पति पत्नी और वो’, ‘बाटला हाउस’, ‘ड्रीम गर्ल’, ‘द ताशकंद फाइल्स’ और ‘पाताल लोक’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी काम किया है।

हाल ही में राजेश शर्मा को राजकुमार हिरानी की वेब सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में देखा गया था, जिसमें उन्होंने सब-इंस्पेक्टर कार्लोस लोबो का किरदार निभाया। फिलहाल फैंस उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *