29 May 2026, Fri

आशुतोष गोवारिकर की फिल्म में नजर आएंगे आमिर खान? आगे बढ़ सकता है थ्री इडियट का सीक्वल

मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक दमदार और प्रेरणादायक कहानी लेकर आने की तैयारी में हैं। पिछले साल रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ को दर्शकों का शानदार प्यार मिला था और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुई थी। इसके बाद आमिर खान ने ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ में एक विशेष कैमियो भूमिका निभाकर भी दर्शकों का मनोरंजन किया। अब अभिनेता अपनी अगली बड़ी फिल्म ‘लाला अमरनाथ’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसके चलते उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ के सीक्वल की योजना फिलहाल आगे बढ़ा दी गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की आगामी स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘लाला अमरनाथ’ की स्क्रिप्ट पूरी तरह तैयार हो चुकी है और जल्द ही इसकी शूटिंग शुरू होने की संभावना है। इस फिल्म में आमिर खान मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म भारतीय क्रिकेट इतिहास के महान खिलाड़ी लाला अमरनाथ के जीवन और संघर्ष पर आधारित होगी।

लाला अमरनाथ भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक बेहद महत्वपूर्ण नाम हैं। उन्हें भारत का पहला टेस्ट शतक लगाने वाला बल्लेबाज माना जाता है। इसके अलावा वह भारतीय क्रिकेट टीम के शुरुआती दौर के सबसे प्रभावशाली ऑलराउंडरों में शामिल रहे हैं। बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले लाला अमरनाथ को खेल जगत में उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने पद्म भूषण सम्मान से भी नवाजा था।

फिल्म की कहानी लाला अमरनाथ के क्रिकेट करियर, उनके संघर्ष, उपलब्धियों और भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दिलाने में निभाई गई उनकी भूमिका पर आधारित बताई जा रही है। खेल और प्रेरणादायक कहानियों को पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह फिल्म खास साबित हो सकती है। फिल्म की पटकथा पियूष गुप्ता और नीरज सिंह ने लिखी है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी खुद आशुतोष गोवारिकर संभाल रहे हैं।

आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर की जोड़ी पहले भी बॉलीवुड को सुपरहिट फिल्म ‘लगान’ दे चुकी है। वर्ष 2001 में रिलीज हुई इस फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की थी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन किया था। ऐसे में दोनों की यह नई साझेदारी फैंस के बीच काफी उत्सुकता पैदा कर रही है।

दूसरी ओर, आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ के सीक्वल को लेकर भी लंबे समय से चर्चा चल रही है। बताया जा रहा है कि निर्देशक राजकुमार हिरानी इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल वह अपनी अन्य परियोजनाओं और ओटीटी कंटेंट में व्यस्त हैं। इसी वजह से ‘थ्री इडियट्स 2’ की शूटिंग और निर्माण प्रक्रिया में कुछ समय लग सकता है।

फिल्म प्रेमियों के लिए यह खबर किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है, क्योंकि एक तरफ उन्हें ‘थ्री इडियट्स’ के सीक्वल का इंतजार करना पड़ेगा, वहीं दूसरी ओर आमिर खान एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक स्पोर्ट्स ड्रामा के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि ‘लाला अमरनाथ’ पर्दे पर किस तरह का जादू बिखेरती है और क्या यह फिल्म भी ‘लगान’ जैसी यादगार सफलता हासिल कर पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *