8 Jul 2026, Wed

अभी खत्म नहीं हुई कांतारा की कहानी, ‘कांतारा: चैप्टर 2’ संग बॉक्स ऑफिस धमाका करेंगे ऋषभ शेट्टी, शुरू हुई तैयारी

 

अभिनेता और निर्देशक ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा’ ने भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई थी। साल 2022 में रिलीज हुई इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई। इसके बाद आई ‘कांतारा: चैप्टर 1’ ने भी रिलीज के साथ जबरदस्त सफलता हासिल की और फ्रेंचाइजी को और मजबूत बना दिया। अब दर्शकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ऋषभ शेट्टी ने खुद पुष्टि की है कि ‘कांतारा: चैप्टर 2’ पर काम शुरू हो चुका है।

लंबे समय से ‘कांतारा’ के तीसरे पार्ट को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। फैंस जानना चाहते थे कि ऋषभ शेट्टी इस कहानी को आगे बढ़ाएंगे या नहीं। अब हालिया इंटरव्यू में ऋषभ ने साफ कर दिया है कि उनकी टीम अगले चैप्टर की कहानी पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि निर्देशन उनका पहला प्यार है और कैमरे के पीछे रहकर उन्हें सबसे ज्यादा सुकून मिलता है। ऋषभ के मुताबिक, उनकी लेखकों की टीम ‘कांतारा: चैप्टर 2’ की कहानी को लेकर तेजी से काम कर रही है।

‘कांतारा’ फ्रेंचाइजी की खासियत इसकी लोककथा, दैवीय परंपराओं और आदिवासी जीवन से जुड़ी गहरी कहानी रही है। पहले पार्ट में जहां जमीन, आस्था और सत्ता के टकराव को दिखाया गया था, वहीं ‘कांतारा: चैप्टर 1’ में दर्शकों को मूल कहानी से सदियों पहले का कालखंड देखने को मिला। फिल्म में कांतारा जनजाति, भांगड़ा के राजा और दैवीय शक्तियों ‘पंजुरली दैव’ और ‘गुलिगा दैव’ से जुड़ी कहानी को भव्य अंदाज में पेश किया गया था।

फिल्म की कहानी में दिखाया गया था कि कैसे एक क्रूर राजा कांतारा जनजाति की जमीन पर कब्जा करना चाहता है। जब वह मासूम आदिवासियों पर अत्याचार करता है, तो दैवीय शक्तियां प्रकट होकर उसे परास्त करती हैं। इसके बाद राजपरिवार और जनजाति के बीच संघर्ष की नई परतें सामने आती हैं। इस फिल्म में ऋषभ शेट्टी के साथ जयराम, रुक्मिणी वसंत और गुलशन देवैया जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।

ऋषभ शेट्टी इन दिनों कई बड़े प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। ‘कांतारा’ फ्रेंचाइजी के अलावा उनके पास ‘जय हनुमान’ और ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ जैसी मेगा बजट फिल्में भी हैं। ऋषभ ने बताया कि वह एक समय में दो फिल्मों की शूटिंग नहीं कर सकते, क्योंकि दोनों फिल्मों के लिए अलग-अलग लुक और बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन की जरूरत है। इसलिए वह पहले प्रशांत वर्मा के निर्देशन में बन रही ‘जय हनुमान’ की शूटिंग पूरी करेंगे।

‘जय हनुमान’ में ऋषभ शेट्टी भगवान हनुमान के शक्तिशाली किरदार में नजर आएंगे। यह फिल्म सुपरहिट ‘हनु-मैन’ का अगला भाग है। अब फैंस को ‘कांतारा: चैप्टर 2’ के साथ-साथ ऋषभ के इन बड़े प्रोजेक्ट्स का भी बेसब्री से इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *