कीव: रूस ने गुरुवार को एक बार फिर यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमला किया। इस बार राजधानी कीव समेत कई प्रमुख शहरों को निशाना बनाया गया। यूक्रेन के अधिकारियों के अनुसार, हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई इलाकों में धमाकों और हवाई हमले के सायरनों से दहशत फैल गई। खास बात यह रही कि इन हमलों से कुछ ही देर पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस की ओर से बड़े हमले की आशंका जताई थी।
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, कीव के सैन्य प्रशासन ने पुष्टि की है कि रूस ने बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के जरिए कई चरणों में हमला किया। यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रूसी विमानों से क्रूज मिसाइलों की कई लहरें दागी गईं और इसके बाद बैलिस्टिक मिसाइलें भी राजधानी कीव की ओर बढ़ती देखी गईं। हमले के बाद शहर के कई हिस्सों में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया।
डिनप्रो और क्रिवी रिह भी बने निशाना
रूस के हमले की चपेट में केवल कीव ही नहीं, बल्कि डिनप्रो और क्रिवी रिह जैसे प्रमुख शहर भी आए। यूक्रेनी वायु सेना ने कहा कि शुरुआती हमलों के बाद भी खतरा टला नहीं है और रूस की ओर से और मिसाइल हमले किए जा सकते हैं। इसी वजह से देश के कई हिस्सों में एयर रेड अलर्ट जारी रखा गया।
कीव के मेयर ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों और बंकरों में ही रहें, क्योंकि आगे भी हमलों की आशंका बनी हुई है। राजधानी में लगातार सायरन बजते रहे और सुरक्षा एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
जेलेंस्की ने पहले ही दी थी चेतावनी
राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने हमले से पहले सोशल मीडिया पर एक संदेश जारी करते हुए कहा था कि रूस बड़े पैमाने पर हमला करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने बताया कि एयर फोर्स कमांडर अनातोली क्रिवोनोज़्को की रिपोर्ट के आधार पर यह आशंका जताई गई थी कि रूस उसी रात या अगले कुछ घंटों में भीषण हमला कर सकता है।
जेलेंस्की ने अपने सहयोगी देशों, खासकर अमेरिका और पश्चिमी देशों से एयर डिफेंस सिस्टम उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के लोगों की जान बचाना सीधे तौर पर इस बात पर निर्भर करता है कि सहयोगी देश कितनी जल्दी और कितनी प्रभावी सैन्य सहायता प्रदान करते हैं।
पैट्रियट मिसाइल सिस्टम की फिर उठी मांग
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने विशेष रूप से पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रूस के बैलिस्टिक मिसाइल हमलों से बचाव के लिए आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम बेहद जरूरी हैं। जेलेंस्की ने कहा कि सभी सहयोगी देशों को पता है कि यूक्रेन को किन संसाधनों की जरूरत है और सहायता में देरी के गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
इस बीच, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल ही में यूक्रेन में जारी सैन्य अभियान को सही ठहराते हुए कहा था कि रूस अपने सभी रणनीतिक लक्ष्य हासिल करेगा। रूस के ताजा हमले ने एक बार फिर यह संकेत दिया है कि दोनों देशों के बीच युद्ध जल्द खत्म होता नहीं दिख रहा और आने वाले दिनों में संघर्ष और तेज हो सकता है।

