26 May 2026, Tue

पैसा कमाने की होड़ और लालच, पंचायत- एस्पिरेंट्स को टक्कर देगी ये नई सीरीज, दिग्गज सितारों से सजेगी महफिल

‘पंचायत’ और ‘एस्पिरेंट्स’ जैसी हिट वेब सीरीज देने वाले प्रोडक्शन हाउस TVF एक बार फिर दर्शकों के लिए नया और दमदार कंटेंट लेकर आ रहा है। इस बार प्राइम वीडियो पर उनकी नई ओरिजिनल ड्रामा सीरीज ‘द पिरामिड स्कीम’ रिलीज होने जा रही है, जिसकी रिलीज डेट और कहानी का प्लॉट आधिकारिक तौर पर सामने आ चुका है।

सीरीज को लेकर मेकर्स ने बताया है कि यह शो जल्द पैसा कमाने की लालच भरी दुनिया और पिरामिड मार्केटिंग सिस्टम के जाल को बेहद रियलिस्टिक अंदाज में दिखाएगा। ‘द पिरामिड स्कीम’ का निर्माण TVF ने किया है, जबकि इसे क्रिएट श्रेयांश पांडे ने किया है। वहीं इसका निर्देशन आशीष आर. शुक्ला और श्रेयांश पांडे ने मिलकर किया है। सीरीज की स्क्रिप्ट अक्षेंद्र मिश्रा ने लिखी है।

क्या है कहानी का प्लॉट?

यह कहानी हरिद्वार की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसका मुख्य किरदार ‘गोल्डी’ है, जिसे परमवीर सिंह चीमा निभा रहे हैं। गोल्डी एक युवा लड़का है जो अपने परिवार के लिए बेहतर जिंदगी और तेजी से सफलता हासिल करने का सपना देखता है। इसी सपने के चलते वह एक ऐसे नेटवर्क में फंस जाता है जो धीरे-धीरे पिरामिड मार्केटिंग और स्कीम्स की खतरनाक दुनिया में बदल जाता है।

कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब गोल्डी की मुलाकात मनोज श्रीवास्तव से होती है, जिसका किरदार रणवीर शौरी निभा रहे हैं। दोनों मिलकर एक नए रास्ते पर चलते हैं, लेकिन यह सफर उन्हें लालच, धोखे और नैतिक संघर्षों की गहरी दुनिया में ले जाता है, जहां से निकलना आसान नहीं होता।

दमदार स्टारकास्ट से सजी सीरीज

‘द पिरामिड स्कीम’ में परमवीर सिंह चीमा और रणवीर शौरी के साथ शेखर सुमन, अंजना श्रीवास्तव, अल्फिया जाफरी और आशीष राघव जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा अलीखेंद्र मिश्रा, स्मिता बंसल, विजय कुमार, इंद्रेश मलिक, रवि बहल, सुशांत सिंह और सोनल झा जैसे अनुभवी कलाकार भी इस सीरीज का हिस्सा हैं।

मेकर्स का कहना है कि यह सीरीज सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि आज के युवाओं के “फास्ट सक्सेस कल्चर” और उससे जुड़ी सच्चाइयों को भी सामने लाएगी।

रिलीज डेट और प्लेटफॉर्म

‘द पिरामिड स्कीम’ को 5 जून 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज किया जाएगा। यह सीरीज भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर के 240 से ज्यादा देशों में स्ट्रीम होगी। मेकर्स को उम्मीद है कि यह शो ‘पंचायत’ और ‘एस्पिरेंट्स’ की तरह ही दर्शकों के बीच खास जगह बनाएगा।

टीवीएफ और प्राइम वीडियो की यह नई पेशकश एक बार फिर देसी कहानियों को ग्लोबल स्तर पर पहचान दिलाने की कोशिश के तौर पर देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *