8 Aug 2026, Sat

पहले बदमाशों ने कार में तोड़तोड़ की, फिर महिला सामने आई तो स्कॉर्पियो से कुचलकर भागे, CCTV में कैद हुई घटना

उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर में आपसी रंजिश ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के कपिल विहार इलाके में शनिवार को बदमाशों ने एक घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ की और विरोध करने पर 52 वर्षीय महिला उर्मिला कुंवर को स्कॉर्पियो से कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार यह मामला दो गुटों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद से जुड़ा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि भीलवाड़ा निवासी यशप्रताप सिंह और चित्तौड़गढ़ निवासी यशपाल सिंह झाला के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी, जो हाल के दिनों में और बढ़ गई थी।

पहले हुआ झगड़ा, फिर घर पर हमला

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर दोनों गुटों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद यशप्रताप सिंह और उसके साथी यशपाल सिंह के सबसिटी सेंटर स्थित रेंटल कार कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां यशपाल नहीं मिला। हंगामा करने के बाद वे लौट गए।

जब इस घटना की जानकारी यशपाल सिंह को मिली, तो वह अपने 8-10 साथियों के साथ स्कॉर्पियो, स्कॉर्पियो-एन और थार में सवार होकर दिव्यराज सिंह के कपिल विहार स्थित घर पहुंचा।

कार में तोड़फोड़, फिर महिला को कुचल दिया

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वाहनों से उतरकर घर के बाहर खड़ी कार पर लाठियों से हमला करने लगे और जमकर तोड़फोड़ की। शोर सुनकर घर के अंदर से दिव्यराज सिंह की मां उर्मिला कुंवर बाहर आईं और आरोपियों को रोकने की कोशिश की।

महिला को सामने आता देख आरोपी स्कॉर्पियो में बैठकर भागने लगे। उर्मिला कुंवर ने उन्हें रोकने के लिए स्कॉर्पियो के सामने खड़े होकर रास्ता रोक दिया। आरोप है कि बदमाशों ने वाहन नहीं रोका और महिला को टक्कर मारते हुए करीब सात से आठ फीट तक घसीट दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपियों की स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में महिला को कुचलते हुए निकलती दिखाई दे रही है। फुटेज सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने हत्या, तोड़फोड़ और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में नामजद आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

उदयपुर की यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आपसी रंजिश और दबंगई किस तरह कानून व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *