रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के प्यार और रिश्ते की मिठास के लिए जाना जाता है। इस खास मौके पर मिठाइयों की बात हो और घेवर का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। सावन और रक्षाबंधन के दौरान राजस्थान की यह पारंपरिक मिठाई बाजारों में खूब देखने को मिलती है। जालीदार बनावट, कुरकुरा स्वाद और ऊपर से मलाईदार रबड़ी घेवर को खास बनाती है।
अगर आप इस रक्षाबंधन पर बाजार से मिठाई खरीदने के बजाय घर पर घेवर बनाना चाहते हैं, तो इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। सही मात्रा और कुछ जरूरी सावधानियों के साथ घर पर भी हलवाई जैसा क्रिस्पी और स्वादिष्ट घेवर बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
घेवर बनाने के लिए सामग्री
सबसे पहले घेवर का घोल तैयार करने के लिए 1.5 कप मैदा, 4 चम्मच देसी घी, आधा कप ठंडा दूध, 3 से 4 कप एकदम ठंडा पानी, 1 चम्मच बेसन और 1 चम्मच नींबू का रस चाहिए। घेवर को तलने के लिए घी या तेल लिया जा सकता है।
चाशनी बनाने के लिए 1.5 कप चीनी और 1 कप पानी लें। स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए इसमें एक चौथाई छोटा चम्मच इलायची पाउडर और कुछ धागे केसर डाल सकते हैं।
घेवर की सजावट के लिए 1 लीटर फुल क्रीम दूध, 2 चम्मच चीनी और कटे हुए काजू, पिस्ता और बादाम की जरूरत होगी।
ऐसे तैयार करें घेवर का घोल
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में देसी घी लें। इसमें बर्फ के कुछ टुकड़े डालकर घी को अच्छी तरह फेंटें, जब तक कि घी हल्का और क्रीमी न हो जाए। अब इसमें धीरे-धीरे ठंडा दूध मिलाएं और अच्छी तरह फेंटते रहें।
इसके बाद मैदा और बेसन को छानकर मिश्रण में डालें। इसमें थोड़ा-थोड़ा करके एकदम ठंडा पानी मिलाएं और लगातार फेंटते रहें। घोल न ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न बहुत पतला। अंत में नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें।
घेवर को ऐसे तलें
एक गहरी और चौड़ी कढ़ाई में घी या तेल गर्म करें। तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद ऊपर से पतली धार में थोड़ा-सा घोल कढ़ाई के बीच में डालें। घोल डालते समय सावधानी रखें, क्योंकि गर्म तेल के छींटे पड़ सकते हैं।
घोल डालने के बाद कुछ सेकंड इंतजार करें। जब जाली बनने लगे तो दोबारा थोड़ा घोल बीच में डालें। इसी तरह जरूरत के अनुसार परतें बनाते जाएं। घेवर को मध्यम आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें। तैयार घेवर को सावधानी से निकालकर अतिरिक्त घी या तेल निकलने दें।
चाशनी और रबड़ी से करें सजावट
चाशनी बनाने के लिए एक बर्तन में चीनी और पानी डालकर पकाएं। इसमें इलायची पाउडर और केसर डालकर हल्की चिपचिपी चाशनी तैयार कर लें।
रबड़ी के लिए फुल क्रीम दूध को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं। दूध गाढ़ा होने लगे तो इसमें चीनी मिलाएं। तैयार रबड़ी को ठंडा कर लें।
अब घेवर के ऊपर चाशनी डालें और फिर ठंडी रबड़ी फैलाएं। ऊपर से कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता डालकर सजाएं। आपका स्वादिष्ट रक्षाबंधन स्पेशल घेवर तैयार है। इसे ठंडा करके सर्व करें और त्योहार की मिठास को और खास बनाएं।

