12 Jun 2026, Fri

सुसाइड से पहले डॉक्टर मीनाक्षी ने निकाला पति का CCTV फुटेज, नर्स संग आपत्तिजनक हालत में दिखा डॉ. पीयूष सूद

पंजाब के जालंधर में चर्चित डॉ. मीनाक्षी सुसाइड केस में एक नया और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। मामले में अब एक कथित CCTV वीडियो वायरल होने के बाद विवाद और गहरा गया है। वीडियो में नेशनल आई अस्पताल से जुड़े डॉक्टर पीयूष सूद को अस्पताल की एक नर्स के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा जाने का दावा किया जा रहा है। मृतक डॉ. मीनाक्षी के परिवार ने आरोप लगाया है कि यह वीडियो अस्पताल परिसर का है और इसे स्वयं मीनाक्षी ने अपने संदेह की पुष्टि के लिए निकलवाया था।

डॉ. मीनाक्षी की मौत के बाद लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना कर रही थी। अब कथित वीडियो सामने आने के बाद परिवार ने डॉ. पीयूष सूद पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

2018 में हुई थी शादी

मीनाक्षी के पिता प्रमोद के अनुसार, उनकी बेटी की शादी अक्टूबर 2018 में डॉ. पीयूष सूद से हुई थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य दिखाई देता था, लेकिन धीरे-धीरे रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। परिवार का दावा है कि पीयूष ने मीनाक्षी के नाम पर कई वित्तीय ऋण लिए थे। इनमें एक थार गाड़ी का लोन भी शामिल था, जिसकी किश्तें मीनाक्षी अपनी सैलरी से भर रही थीं।

परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी आर्थिक और मानसिक दोनों तरह के दबाव में थी। उनका आरोप है कि पीयूष ने अस्पताल और अन्य निजी जरूरतों के लिए भी मीनाक्षी के नाम पर लाखों रुपये का कर्ज लिया था।

एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप

मीनाक्षी की मां ने आरोप लगाया है कि उनके दामाद का किसी अन्य महिला के साथ विवाहेतर संबंध था। उनका कहना है कि इसी वजह से उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिवार के अनुसार, कई बार पीयूष द्वारा मारपीट किए जाने के बाद उसने खुद फोन कर माफी भी मांगी थी।

मीनाक्षी की मां ने कहा कि फिलहाल मामले को आत्महत्या बताया जा रहा है, लेकिन परिवार को संदेह है कि यह केवल आत्महत्या का मामला नहीं भी हो सकता। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

CCTV फुटेज पुलिस को सौंपे जाने का दावा

मीनाक्षी के पिता ने दावा किया कि उनकी बेटी को अस्पताल में काम करने वाली एक महिला के साथ पीयूष के संबंधों पर शक था। इसके बाद उसने अस्पताल के CCTV फुटेज की जांच करवाई। कथित तौर पर फुटेज में पीयूष और संबंधित महिला को साथ देखा गया, जिसके बाद उसके संदेह को बल मिला।

परिवार का कहना है कि यह फुटेज पुलिस को भी सौंप दी गई है और जांच एजेंसियां इसकी सत्यता की जांच कर रही हैं। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीयूष ने पहले भी मीनाक्षी का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की थी।

जांच पर टिकीं सबकी नजरें

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो, परिवार के आरोप और वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। मामले ने जालंधर समेत पूरे पंजाब में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिनसे इस संवेदनशील मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *