31 Jul 2026, Fri

श्रेया कालरा के तलाक वाले बयान पर अकांक्षा चमोला का पलटवार, राम कपूर ने पामेला सेरेना से की बदतमीजी

मुंबई: रियलिटी शो ‘लॉक अप 2: सच या सजा’ में इस बार रिश्तों और निजी जिंदगी को लेकर जबरदस्त विवाद देखने को मिला। शो के नए प्रोमो में आकांक्षा चमोला और श्रेया कालरा के बीच तीखी बहस ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। वहीं दूसरी ओर, पामेला सेरेना और राम कपूर के बीच हुई कहासुनी भी काफी चर्चा में है।

शो में शुरुआत से ही आकांक्षा चमोला अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। उन्होंने पहले एपिसोड में खुलासा किया था कि वह अभिनेता गौरव खन्ना से तलाक ले रही हैं और फिलहाल बच्चे नहीं चाहतीं। इसी मुद्दे पर बाद में श्रेया कालरा ने शिल्पा शिंदे से बातचीत करते हुए कथित तौर पर कहा कि गौरव खन्ना आकांक्षा से बेहतर किसी के हकदार हैं और दोनों का अलग होना सही फैसला है।

जब यह बात आकांक्षा तक पहुंची तो वह श्रेया पर बुरी तरह भड़क गईं। प्रोमो में आकांक्षा श्रेया से कहती नजर आती हैं कि वह उनके रिश्ते के बारे में बिना जाने टिप्पणी कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि श्रेया गौरव खन्ना को कितना जानती हैं और किस अधिकार से उनके वैवाहिक संबंधों पर टिप्पणी कर रही हैं।

आकांक्षा ने कहा, “तुम मेरे बारे में इतनी बातें कर रही हो। तुम गौरव को कितना जानती हो? क्या तुम उसे शो के बाहर जानती हो? मेरे रिश्ते के बारे में फैसला सुनाने वाली तुम कौन होती हो?” उन्होंने यह भी कहा कि किसी की निजी जिंदगी पर इस तरह की टिप्पणी करना गलत है और इससे उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची है।

वहीं श्रेया कालरा ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि शो में हर बात पर भरोसा नहीं करना चाहिए। इसके जवाब में आकांक्षा ने कहा कि अगर वह भी श्रेया के अतीत और उनके रिश्तों को लेकर इसी तरह की टिप्पणी करें तो उन्हें कैसा लगेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रेया ने उनकी भावनाओं के साथ खेला है और दोस्त होने का दावा करने के बावजूद उनका साथ नहीं दिया।

इसी बीच शो का दूसरा बड़ा विवाद राम कपूर और पामेला सेरेना के बीच देखने को मिला। नए प्रोमो में राम कपूर, पामेला सेरेना से किसी पुराने विवाद को लेकर सवाल करते नजर आते हैं। राम कहते हैं कि मुद्दे को जेंडर का रूप नहीं दिया जाना चाहिए, जबकि पामेला उनसे बातचीत खत्म करने की कोशिश करती दिखाई देती हैं।

हालांकि, बहस बढ़ने पर राम कपूर लगातार पामेला से बात करने पर जोर देते हैं। पामेला कई बार उन्हें रुकने के लिए कहती हैं, लेकिन दोनों के बीच तनाव बढ़ता जाता है। बाद में पामेला यह आरोप लगाती हैं कि उन्हें लगा कि राम कपूर उन पर हमला करने वाले थे।

शो का यह प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दर्शक एक ओर आकांक्षा और श्रेया के विवाद को लेकर अपनी राय दे रहे हैं, वहीं राम कपूर और पामेला सेरेना के बीच हुई बहस पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। आने वाले एपिसोड में यह विवाद और बढ़ सकता है, जिससे ‘लॉक अप 2’ की प्रतिस्पर्धा और भी दिलचस्प होती नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *