ऑस्ट्रिया के आल्प्स पर्वत में हुआ एक खतरनाक हवाई हादसा इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना में एक पैराग्लाइडर महिला और एक छोटे विमान के बीच ऐसी टक्कर हुई, जिसने सभी को दहला दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान ने पैराग्लाइडर के पैराशूट को बीच से ही फाड़ दिया और वह हवा में बेकाबू होकर गिरने लगी।
यह हादसा उत्तरी ऑस्ट्रिया के Schmittenhöhe Mountain के पास हुआ। रिपोर्ट्स के अनुसार, 44 वर्षीय पैराग्लाइडर सबरीना शनिवार दोपहर इस खूबसूरत पहाड़ी इलाके में उड़ान भर रही थीं, तभी अचानक एक छोटा विमान उनके बेहद करीब आ गया और सीधा टकरा गया।
हादसे का खौफनाक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि विमान पैराग्लाइडर की कैनोपी (विंग) को चीरता हुआ निकल जाता है। टक्कर के तुरंत बाद पैराशूट पूरी तरह फट जाता है और महिला हवा में गोल-गोल घूमते हुए नीचे गिरने लगती हैं। इस दौरान वह पूरी तरह नियंत्रण खो देती हैं और फटे हुए पैराशूट के बीच फंस जाती हैं।
हालांकि इतनी भयानक स्थिति के बावजूद पैराग्लाइडर ने हिम्मत नहीं हारी। बताया जा रहा है कि उन्होंने आखिरी वक्त पर अपना इमरजेंसी पैराशूट खोल दिया, जिससे उनकी जान बच गई। यह पूरी घटना कुछ ही सेकंड में हुई, लेकिन इसके दृश्य इतने डरावने थे कि देखने वालों की सांसें अटक गईं।
घटना के बाद सबरीना ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा है कि मैं जिंदा हूं और यह सब लिख रही हूं।” हादसे के बावजूद उन्हें केवल मामूली चोटें और कुछ खरोंचें आई हैं। बाद में उन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया।
दूसरी ओर, विमान को चला रहे 28 वर्षीय पायलट ने बताया कि पैराग्लाइडर अचानक उनके सामने आ गई थीं और उनके पास टक्कर से बचने का समय नहीं था। वह सुरक्षित रूप से Zell am See Airport पर लैंड करने में सफल रहे, हालांकि विमान को हल्का नुकसान पहुंचा है।
अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट में माना जा रहा है कि यह हादसा एयरस्पेस कोऑर्डिनेशन में हुई चूक के कारण हुआ हो सकता है। इस घटना ने एक बार फिर हवाई खेलों और छोटे विमानों की उड़ानों में सुरक्षा नियमों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

