हेडिंग्ले टेस्ट में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग ने पांच विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। टंग इस WTC चक्र में 50 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं।
लीड्स। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच हेडिंग्ले में खेले जा रहे टेस्ट मैच के पहले दिन तेज गेंदबाज जोश टंग ने अपनी घातक गेंदबाजी से पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। टंग ने पहली पारी में महज 9.1 ओवर में 46 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने न सिर्फ इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि उनके नाम एक बड़ा व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया।
टंग मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 में 50 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 10 मैच खेले हैं। इस समय वह WTC के मौजूदा चक्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
50 विकेट के साथ टंग ने बनाया खास रिकॉर्ड
जोश टंग के 50 विकेट पूरे होते ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क और भारत के मोहम्मद सिराज को पीछे छोड़ दिया है। स्टार्क के नाम इस WTC चक्र में 48 विकेट हैं, जबकि मोहम्मद सिराज 41 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
WTC 2025-27 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज:
- जोश टंग (इंग्लैंड) – 50 विकेट
- मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया) – 48 विकेट
- मोहम्मद सिराज (भारत) – 41 विकेट
- बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) – 39 विकेट
- जेडन सील्स (वेस्टइंडीज) – 35 विकेट
टंग के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि मौजूदा WTC चक्र में वह तीन बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं। उनकी निरंतर शानदार गेंदबाजी ने उन्हें इंग्लैंड के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल कर दिया है।
इंग्लैंड के गेंदबाजों की खास लिस्ट में शामिल
50 विकेट पूरे करने के साथ जोश टंग एक WTC चक्र में 50 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले इंग्लैंड के छठे गेंदबाज बन गए हैं। इस सूची में सबसे ऊपर पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड हैं, जिन्होंने 2019-21 WTC चक्र में 17 मैचों में 69 विकेट हासिल किए थे।
इसके बाद जेम्स एंडरसन ने 2021-23 चक्र में 58 विकेट, ओली रॉबिन्सन ने 53 विकेट, गस एटकिंसन ने 2023-25 चक्र में 52 विकेट और क्रिस वोक्स ने 51 विकेट लिए थे।
ब्रॉड का रिकॉर्ड भी है निशाने पर
जोश टंग के पास अभी WTC 2025-27 में कई मुकाबले बाकी हैं। ऐसे में उनके पास इंग्लैंड के लिए एक WTC चक्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्टुअर्ट ब्रॉड के रिकॉर्ड को तोड़ने का शानदार मौका है। हालांकि, पूरे WTC इतिहास में एक चक्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाथन लियोन के नाम है। उन्होंने 2021-23 WTC चक्र में 20 मैचों में 88 विकेट झटके थे।
हेडिंग्ले में पाकिस्तान के खिलाफ टंग की यह पांच विकेट की पारी उनके लिए इस WTC चक्र की एक और बड़ी उपलब्धि साबित हुई है। उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए आने वाले मुकाबलों में उनसे और बड़े रिकॉर्ड की उम्मीद की जा रही है।

