लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में भारतीय क्रिकेट की 24 साल पुरानी ऐतिहासिक यादें एक बार फिर ताजा हो गईं। इस बार सौरव गांगुली नहीं, बल्कि इंडिया मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार जीत के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में उसी अंदाज में जश्न मनाया।
लंदन। लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड भारतीय क्रिकेट के इतिहास में खास जगह रखता है। साल 2002 में इसी मैदान पर सौरव गांगुली ने नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल में इंग्लैंड को हराने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी शर्ट उतारकर हवा में लहराई थी। अब 24 साल बाद इसी ऐतिहासिक मैदान पर एक बार फिर ऐसा जश्न देखने को मिला, जिसने क्रिकेट फैंस को उस यादगार पल की याद दिला दी।
हालांकि, इस बार जश्न मनाने वाली टीम भारतीय पुरुष टीम नहीं, बल्कि इंडिया मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट टीम थी। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए टी20 मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 118 रन से बड़ी जीत दर्ज की। मुकाबला खत्म होने के बाद टीम के कुछ सदस्यों ने लॉर्ड्स की बालकनी में पहुंचकर 2002 के गांगुली वाले अंदाज को दोहराया। एक खिलाड़ी ने ब्लेजर उतारा, जबकि दूसरे ने शर्ट उतारकर उसे हवा में लहराया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
2002 की ऐतिहासिक जीत की आई याद
साल 2002 में सौरव गांगुली की कप्तानी में भारत ने नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल में इंग्लैंड को उसी के घर में हराया था। इंग्लैंड ने भारत के सामने 326 रन का विशाल लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ की शानदार पारियों ने भारत को यादगार जीत दिलाई थी। इसके बाद गांगुली का लॉर्ड्स की बालकनी में शर्ट लहराते हुए जश्न मनाना भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित पलों में शामिल हो गया।
भारत ने बनाया 206 रन का विशाल स्कोर
लॉर्ड्स में खेले गए इस मुकाबले में इंडिया मिक्स्ड डिसएबिलिटी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 206 रन बनाए। अर्जुन गावरे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 68 रन की पारी खेली। कप्तान मेजर माग्रे ने तो महज 19 गेंदों में नाबाद 63 रन ठोककर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया। वहीं सलामी बल्लेबाज साई आकाश ने 38 गेंदों में 48 रन का अहम योगदान दिया।
88 रन पर सिमट गई इंग्लैंड की टीम
207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। पूरी टीम 13.4 ओवर में सिर्फ 88 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से हिलाल अहमद वानी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 21 रन देकर चार विकेट चटकाए। जयेश परमार ने भी सिर्फ दो ओवर में 14 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इंग्लैंड की तरफ से जॉनी गेल 19 रन के साथ टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
सीरीज इंग्लैंड के नाम, लेकिन लॉर्ड्स में भारत का दबदबा
भारत ने इस शानदार जीत के साथ सात मैचों की सीरीज का अंत किया। हालांकि इंग्लैंड ने सीरीज 4-3 से अपने नाम की, लेकिन लॉर्ड्स में मिली 118 रन की जीत ने भारतीय टीम के लिए इस दौरे को यादगार बना दिया।
मैदान पर शानदार प्रदर्शन के बाद बालकनी में 2002 के अंदाज में मनाया गया जश्न इस जीत की खास तस्वीर बन गया। लॉर्ड्स में एक बार फिर भारतीय क्रिकेट की वही जुनूनी तस्वीर देखने को मिली, जिसने फैंस को 24 साल पुरानी ऐतिहासिक जीत की याद दिला दी।

