सोशल मीडिया पर एक महिला की पोस्ट इन दिनों तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें उसने एक कैब ड्राइवर पर लगातार फोन कॉल कर परेशान करने और शिकायत के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने का आरोप लगाया है। महिला ने अपने अनुभव को ‘डरावना और बेहद असुरक्षित’ बताते हुए कहा कि राइड के दौरान ड्राइवर ने पहले बातचीत बढ़ाने की कोशिश की और बाद में अलग-अलग नंबरों से बार-बार कॉल किए।
यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है और कई यूजर्स ने कैब सेवाओं में महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
राइड के दौरान शुरू हुई बातचीत
महिला ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए अपने पोस्ट में बताया कि वह शाम करीब 7 बजे ऑफिस से घर जाने के लिए कैब बुक करके निकली थीं। उनके अनुसार, शुरुआत में राइड सामान्य थी, लेकिन कुछ देर बाद ड्राइवर ने शायरी सुनाना शुरू कर दिया। महिला ने लिखा कि किसी तरह के विवाद से बचने के लिए वह केवल औपचारिक प्रतिक्रिया देती रहीं।
राइड समाप्त होने पर ड्राइवर ने उनसे कहा कि अगर उन्हें और शायरियां सुननी हों तो उसका नंबर ले लें। महिला के अनुसार, उस समय स्थिति से सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने के लिए उन्होंने नंबर ले लिया, लेकिन घर पहुंचने के बाद वह नंबर तुरंत डिलीट कर दिया।
दो दिन बाद आया अंजान नंबर से कॉल
महिला ने दावा किया कि दो दिन बाद एक अनजान नंबर से फोन आया। उन्होंने सोचा कि यह किसी क्लाइंट का कॉल होगा, इसलिए फोन उठा लिया। बातचीत के दौरान सामने वाले व्यक्ति ने पूछा, “आपने कॉल नहीं किया?” महिला के अनुसार, आवाज पहचानने पर उन्हें पता चला कि यह वही कैब ड्राइवर था।
उन्होंने तुरंत फोन काट दिया, लेकिन इसके बाद अलग-अलग नंबरों से कई बार कॉल आने लगे। महिला ने लिखा कि ड्राइवर ने कुल पांच बार अलग-अलग नंबरों से संपर्क करने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने सभी नंबर ब्लॉक कर दिए।
ऐप पर की शिकायत
महिला ने बताया कि उन्होंने इस घटना की शिकायत संबंधित कैब सेवा के ऐप के माध्यम से दर्ज कराई। उनका कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि शिकायत के बाद संबंधित ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई होगी और भविष्य में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उनकी अगली कैब बुकिंग उसी ड्राइवर ने स्वीकार कर ली, जिससे वह काफी घबरा गईं। महिला ने इसे सुरक्षा प्रणाली में गंभीर खामी बताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति किसी भी महिला यात्री के लिए बेहद असुरक्षित महसूस करा सकती है।
सोशल मीडिया पर उठे सुरक्षा के सवाल
महिला की पोस्ट वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने अपने समान अनुभव साझा किए, जबकि कई यूजर्स ने कैब कंपनियों से यात्री डेटा की सुरक्षा, ड्राइवरों की जवाबदेही और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
महिला ने अपनी पोस्ट के जरिए अन्य महिलाओं को भी सतर्क रहने और किसी भी असहज स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है। फिलहाल इस मामले में संबंधित कैब कंपनी की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह मामला महिला सुरक्षा और राइड-हेलिंग सेवाओं की जवाबदेही को लेकर एक महत्वपूर्ण चर्चा का विषय बन गया है।

