रियलिटी शो ‘लॉक अप सीजन 2’ की शुरुआत होते ही कंटेस्टेंट्स के बीच विवाद, बहस और तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है। अब शो के आगामी एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री और शो की पूर्व होस्ट कंगना रनौत की एंट्री होने वाली है। कंगना ने शो में पहुंचते ही कंटेस्टेंट्स की अब तक की परफॉर्मेंस का हिसाब लिया। इस दौरान उन्होंने मशहूर टेलीविजन अभिनेता राम कपूर को उनके व्यवहार और खेल के प्रति रवैये को लेकर जमकर फटकार लगाई।
‘लॉक अप 2’ पिछले सप्ताह 15 कंटेस्टेंट्स के साथ शुरू हुआ था। इस सीजन में राम कपूर भी बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रहे हैं। शो की शुरुआत से ही राम अपने बयानों और दूसरे कंटेस्टेंट्स के साथ हुई बहस के कारण चर्चा में बने हुए हैं। हालांकि, होस्ट फराह खान उन्हें खेल को गंभीरता से लेने और अनावश्यक विवादों से बचने की सलाह दे चुकी हैं।
कंगना रनौत ने राम कपूर से पूछे तीखे सवाल
शो के नए प्रोमो में कंगना रनौत को फराह खान और रितेश देशमुख के सामने कंटेस्टेंट्स की क्लास लगाते हुए देखा गया। कंगना ने विशेष रूप से राम कपूर को निशाने पर लिया और उनके खेल को लेकर सवाल उठाए।
कंगना ने राम से कहा कि वह गेम को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इसके बाद उन्होंने तीखे अंदाज में पूछा, “अगर तुम्हें लगता है कि तुम इस जेल और इस शो के लिए बहुत बड़े हो, तो फिर यहां आए क्यों हो? अपना फूहड़पन दिखाने आए हो?”
कंगना की बात सुनकर वहां मौजूद कंटेस्टेंट्स और होस्ट भी हैरान नजर आए। राम कपूर ने अपनी सफाई देने की कोशिश करते हुए कहा कि जब सही समय आएगा, तब वह अपनी वास्तविक क्षमता दिखाएंगे और शो में किसी से भी बेहतर साबित होंगे।
राम के जवाब पर कंगना ने तुरंत उन्हें रोकते हुए कहा कि अगर वह वास्तव में बेहतर बनना चाहते हैं, तो उन्हें बार-बार अपना बचाव करने के बजाय अपनी गलतियों को स्वीकार करना चाहिए।
विवादित बयानों के कारण चर्चा में राम कपूर
राम कपूर इससे पहले भी शो में अपने कुछ बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। एक चर्चा के दौरान उन्होंने शादी में बेवफाई को लेकर अपनी राय रखी थी। उनका कहना था कि प्यार में कोई भी गलती रिश्ता खत्म करने की वजह नहीं बननी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि कई बार चीटिंग गलती से हो सकती है।
राम कपूर के इस बयान पर उनकी साथी कंटेस्टेंट आकांक्षा चमोला ने कड़ी आपत्ति जताई थी। दोनों के बीच इस मुद्दे को लेकर बहस भी देखने को मिली थी। इसके अलावा फराह खान के साथ हुई बहस के बाद भी राम को सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। कई दर्शकों का कहना था कि राम अपनी गलतियों को स्वीकार करने के बजाय लगातार उनका बचाव कर रहे हैं।
कंगना रनौत की एंट्री वाले एपिसोड का फिलहाल प्रोमो सामने आया है। पूरा एपिसोड अगले शनिवार को प्रसारित किया जाएगा। इस सप्ताह सुनीता आहूजा, हर्षद चोपड़ा और आकांक्षा चमोला एलिमिनेशन से सुरक्षित हो गए हैं, जबकि बाकी कंटेस्टेंट्स शो में अपनी जगह बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

