अमेरिका में भारत से जुड़े कथित संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। अमेरिकी न्याय विभाग ने “ऑपरेशन हार्ड बॉल” के तहत भारत-आधारित तीन ट्रांसनेशनल क्राइम सिंडिकेट्स से जुड़े 37 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इनमें जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े 17 आरोपियों का नाम भी शामिल है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस नेटवर्क पर ड्रग तस्करी, रंगदारी, अवैध हथियारों के कारोबार, हत्या की साजिश, अपहरण और मर्डर-फॉर-हायर जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस कार्रवाई में अमेरिका, कनाडा और यूरोप में कुल 24 आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है।
अमेरिकी चार्जशीट में दावा किया गया है कि जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ने भारत में रहते हुए भी अपने विदेशी नेटवर्क के जरिए आपराधिक गतिविधियों को संचालित किया। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, भगवानपुरिया गैंग एक ट्रांसनेशनल आपराधिक सिंडिकेट के रूप में काम करता है, जिसके सदस्य अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड तक फैले हुए हैं। DOJ ने दावा किया है कि इस गैंग के दुनियाभर में 1,000 से ज्यादा सदस्य और सहयोगी हैं, जिनमें 100 से ज्यादा अमेरिका में मौजूद हैं।
चार्जशीट में कोकीन तस्करी से जुड़ा बड़ा खुलासा भी किया गया है। ThePrint की रिपोर्ट के मुताबिक, FBI ने आरोप लगाया है कि 16 फरवरी 2026 को भगवानपुरिया ने करीब 20 किलोग्राम कोकीन को एक ऐसे वाहन में रखवाने की योजना पर सहमति जताई, जिसमें पहले से करीब 163 किलोग्राम कोकीन लॉस एंजिलिस से वैंकूवर, कनाडा भेजी जा रही थी। इस काम के लिए कथित तौर पर 1,600 डॉलर प्रति किलो की दर तय हुई थी। बाद में यह खेप अमेरिकी अधिकारियों ने ट्रैकिंग की मदद से पकड़ ली।
इस मामले में पंजाब पुलिस के एक अधिकारी का नाम सामने आने से मामला और संवेदनशील हो गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने पंजाब पुलिस अधिकारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा पर आरोप लगाया है कि उन्होंने भगवानपुरिया सिंडिकेट की मदद से लॉस एंजिलिस में रहने वाले एक परिवार से 4 लाख डॉलर की रंगदारी वसूलने की साजिश में भूमिका निभाई। आरोप है कि परिवार को भारत में झूठे हत्या केस में फंसाने की धमकी दी गई थी। NDTV के अनुसार, नागरा को पुलिस लाइन भेजा गया है और पंजाब पुलिस ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, भगवानपुरिया गैंग ने कथित तौर पर भ्रष्ट अधिकारियों की मदद से अपने विरोधियों और संदिग्ध मुखबिरों को निशाना बनाया। चार्जशीट में कहा गया है कि गैंग ने झूठी जानकारी देकर भारत में लोगों के खिलाफ आधारहीन आपराधिक मामले बनवाए और फिर उन्हीं मामलों के नाम पर रंगदारी की साजिश रची।
अमेरिकी अधिकारियों ने इस पूरी कार्रवाई के दौरान करीब 1,000 किलोग्राम कोकीन, 1 किलोग्राम हेरोइन, 40,000 डॉलर नकद और कई हथियार जब्त किए हैं। हालांकि, न्याय विभाग ने साफ किया है कि चार्जशीट केवल आरोप है और सभी आरोपी अदालत में दोष साबित होने तक निर्दोष माने जाएंगे।

