19 May 2026, Tue

‘सस्ती सैयारा’, नए शो ‘सैराब’ का प्रोमो देख जनता ने पकड़ लिया माथा, AI जनरेटेट कंटेंट पर भी मचा बवाल

टीवी इंडस्ट्री में जल्द ही एक नया रोमांटिक ड्रामा शो दस्तक देने जा रहा है। StarPlus ने हाल ही में अपने आगामी शो Sairaab का प्रोमो जारी किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसकी जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, प्रोमो सामने आते ही कई दर्शकों ने इसकी तुलना Saiyaara से करनी शुरू कर दी है। कुछ यूजर्स का कहना है कि शो का कॉन्सेप्ट और विजुअल्स काफी हद तक फिल्म ‘सैयारा’ से मेल खाते हैं, जिसके चलते इसे “सैयारा की कॉपी” तक कहा जा रहा है।

दरअसल, मोहित सूरी की फिल्म Saiyaara इस साल की चर्चित फिल्मों में शामिल रही थी। फिल्म को दर्शकों से शानदार रिस्पॉन्स मिला था और वर्ड ऑफ माउथ के जरिए यह बड़ी हिट साबित हुई। फिल्म में अहान पांडे और अनीत पड्डा की जोड़ी को काफी पसंद किया गया था। ऐसे में अब जब ‘सैराब’ का प्रोमो सामने आया, तो दर्शकों को उसी फिल्म की झलक महसूस हुई।

प्रोमो में एक रोमांटिक माहौल दिखाया गया है, जिसमें हीरो का लुक काफी हद तक अहान पांडे के किरदार से मिलता-जुलता नजर आ रहा है। कर्ली हेयरस्टाइल, हाथ में गिटार और इमोशनल बैकग्राउंड ने सोशल मीडिया यूजर्स को तुरंत ‘सैयारा’ की याद दिला दी। वहीं फीमेल किरदार भी साड़ी में दिखाई देती है, जिसकी एंट्री और स्क्रीन प्रेजेंस को लेकर दर्शकों ने फिल्म की हीरोइन से तुलना शुरू कर दी।

इस शो का सबसे ज्यादा चर्चा में आने वाला पहलू इसका एआई जनरेटेड प्रोमो है। कई यूजर्स ने इस बात पर सवाल उठाए कि मेकर्स ने असली कलाकारों की जगह एआई विजुअल्स का इस्तेमाल क्यों किया। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों का कहना है कि टीवी इंडस्ट्री को नया और ओरिजिनल कंटेंट लाने पर ध्यान देना चाहिए, न कि पहले से हिट फिल्मों के अंदाज को दोहराने पर।

हालांकि ट्रोलिंग के बावजूद शो को लेकर उत्सुकता भी बढ़ती नजर आ रही है। दर्शक लगातार शो की कास्ट को लेकर अपनी पसंद जाहिर कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा नाम हर्षद चोपड़ा और जेनिफर विंगेट के सामने आ रहे हैं। फैंस चाहते हैं कि दोनों कलाकार लंबे समय बाद किसी रोमांटिक शो में साथ दिखाई दें। वहीं कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में अमाल मलिक और तान्या मित्तल को शो में लेने की भी मांग कर डाली।

फिलहाल मेकर्स ने शो के टाइटल के अलावा किसी भी कलाकार या टेलीकास्ट डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। प्रोमो से यह साफ संकेत मिल रहा है कि शो की मुख्य कास्ट अभी तय नहीं हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में दर्शकों की नजरें इस बात पर टिकी रहेंगी कि आखिर ‘सैराब’ में कौन से चेहरे दिखाई देंगे और क्या यह शो वास्तव में ‘सैयारा’ जैसा जादू टीवी स्क्रीन पर दोहरा पाएगा या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *