साउथ सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री श्रीलीला इन दिनों अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ दोनों को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। एक्टिंग की दुनिया में कम समय में बड़ी पहचान बनाने वाली श्रीलीला ने हाल ही में अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है। 24 साल की उम्र में मेडिकल डिग्री हासिल करने के बाद अब अभिनेत्री का पूरा फोकस NEET-PG परीक्षा की तैयारी पर है। इस बात की जानकारी उनकी मां डॉ. स्वर्णलता ने दी, जो स्वयं भी डॉक्टर हैं।
सोशल मीडिया पर कुछ समय पहले श्रीलीला के कॉन्वोकेशन समारोह की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हुए थे। इन तस्वीरों में अभिनेत्री आधिकारिक रूप से अपनी एमबीबीएस डिग्री प्राप्त करती नजर आई थीं। फैंस ने उनके इस उपलब्धि की जमकर सराहना की थी, क्योंकि फिल्मी दुनिया में सक्रिय रहते हुए मेडिकल की पढ़ाई पूरी करना आसान नहीं माना जाता।
डॉ. स्वर्णलता ने हाल ही में दिए एक बयान में बताया कि श्रीलीला अब जून में होने वाली NEET-PG परीक्षा की तैयारी में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि अभिनेत्री फिलहाल अपनी पढ़ाई और करियर दोनों को संतुलित करने की कोशिश कर रही हैं। यही वजह है कि इन दिनों वह फिल्मों के साथ-साथ अपनी मेडिकल पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान दे रही हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो श्रीलीला ने साल 2019 में फिल्म Kiss से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने कई सफल फिल्मों में काम किया और कम समय में साउथ इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं। Dhamaka और Pelli SandaD जैसी फिल्मों से उन्हें खास पहचान मिली। वहीं Pushpa 2: The Rule के चर्चित गाने ‘किसिक’ में उनकी मौजूदगी ने उन्हें पूरे देश में चर्चा का विषय बना दिया।
अब अभिनेत्री अपने बॉलीवुड डेब्यू को लेकर भी सुर्खियों में हैं। खबरों के मुताबिक वह जल्द ही कार्तिक आर्यन के साथ एक रोमांटिक-ड्रामा फिल्म में नजर आ सकती हैं। हालांकि फिल्म के टाइटल और रिलीज डेट को लेकर अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
इसी बीच श्रीलीला का नाम भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा के साथ भी जोड़ा जा रहा था। सोशल मीडिया पर दोनों की डेटिंग की अफवाहें तेजी से वायरल हो रही थीं। हालांकि अब इन खबरों पर अभिनेत्री के परिवार ने साफ प्रतिक्रिया दी है। श्रीलीला की मां डॉ. स्वर्णलता ने इन सभी दावों को पूरी तरह गलत बताया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन अफवाहों में “बिल्कुल भी सच्चाई नहीं है” और फिलहाल उनकी बेटी का पूरा ध्यान NEET-PG परीक्षा और अपने करियर पर है।
फिल्मों और मेडिकल करियर दोनों को साथ लेकर चल रहीं श्रीलीला आज युवाओं के लिए प्रेरणा बनती नजर आ रही हैं।

