13 Jun 2026, Sat

हैदराबाद में YouTuber मसूद चांदी की बेरहमी से हत्या, साले ने ही दोस्तों संग खंजर से काट डाला

 

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के गोलकुंडा इलाके में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। लोकप्रिय फिटनेस कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर मसूद चांदी उर्फ शेख महबूब की उनके घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी मृतक का साला है, जिसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 3:20 से 3:30 बजे के बीच कुछ युवक महबूब के घर में जबरन घुस गए। आरोप है कि हमलावरों ने पहले लोहे की रॉड और जिम उपकरणों से उन पर हमला किया और बाद में खंजर से कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण महबूब की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी शेख सोहैल, महबूब की पत्नी का भाई है। उसके साथ अफू और जाबिर नाम के दो अन्य युवक भी वारदात में शामिल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, महबूब और उसके साले के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस का मानना है कि यही विवाद हत्या की मुख्य वजह हो सकता है।

एडिशनल डीसीपी कृष्णा गौड़ ने बताया कि 25 वर्षीय शेख महबूब पेशे से इलेक्ट्रिशियन था और साथ ही यूट्यूब पर फिटनेस और बॉडीबिल्डिंग से जुड़े वीडियो बनाता था। उसने करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद उसके घर एक बच्चे का जन्म हुआ। इसके बाद परिवार के भीतर कुछ मतभेद और तनाव पैदा हो गए थे। हाल ही में महबूब ने अपनी पत्नी और बच्चे को उनके मायके भेज दिया था, जिससे दोनों परिवारों के बीच विवाद और बढ़ गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की वास्तविक वजह और हत्या की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए जांच जारी है। मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। महबूब के शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन विशेष जांच टीमों का गठन किया है। शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की जा रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक लोकप्रिय फिटनेस यूट्यूबर की इस तरह हत्या किए जाने से सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *