मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने अपने हालिया बयान से फैंस को हैरान कर दिया है। शानदार अभिनय और गायकी के लिए पहचाने जाने वाले अपारशक्ति ने खुलासा किया है कि आने वाले 10 से 12 वर्षों में वह अभिनय की दुनिया से दूरी बनाकर एक बिल्कुल अलग पेशा अपनाना चाहते हैं। अभिनेता का कहना है कि उनका सपना एक पेशेवर टेलर बनने का है और वह कपड़े डिजाइन करने से लेकर उन्हें सिलने तक की पूरी कला सीखना चाहते हैं।
हाल ही में नेहा धूपिया और अंगद बेदी के पॉडकास्ट शो ‘डबल डेट’ में बातचीत के दौरान अपारशक्ति ने अपने करियर, संघर्ष और निजी जिंदगी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए। इसी दौरान उन्होंने अपने भविष्य की योजना के बारे में भी खुलकर बात की।
अंगद बेदी ने जब उनके फैशन सेंस की तारीफ की तो अपारशक्ति ने बताया कि फैशन और कपड़ों को लेकर उनका लगाव काफी पुराना है। उन्होंने कहा, “एक समय ऐसा था जब मैं मुंबई में स्टाइलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुका हूं। मैंने कुछ टीवी होस्ट्स की स्टाइलिंग की थी। अब मेरा मन है कि धीरे-धीरे मैं जो कुछ भी कर रहा हूं, उससे आगे बढ़कर कुछ नया सीखूं। अगले 10-12 सालों में मैं टेलरिंग सीखना चाहता हूं। मैं जानना चाहता हूं कि कपड़ा कैसे काटा जाता है, कैसे सिला जाता है और एक आउटफिट को शुरुआत से तैयार कैसे किया जाता है।”
अपारशक्ति ने अपनी निजी जिंदगी और करियर में पत्नी आकृति आहूजा की भूमिका का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि शादी के बाद उनके जीवन में कई सकारात्मक बदलाव आए। अभिनेता ने कहा कि शादी से पहले वह लगातार प्रोडक्शन हाउस, कास्टिंग डायरेक्टर्स और टीवी चैनलों को ईमेल और मैसेज भेजा करते थे, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिलता था।
उन्होंने हंसते हुए कहा, “जिस दिन मेरी शादी हुई, मुझे तीन साल पुराने मैसेज के जवाब मिलने शुरू हो गए। लोग पूछने लगे कि क्या मैं उनके प्रोजेक्ट्स में काम करना चाहूंगा। पहले मुझे ‘लेडी लक’ जैसी बातों पर विश्वास नहीं था, लेकिन इसके बाद मुझे लगा कि शायद इसमें कुछ सच्चाई हो सकती है।”
अपारशक्ति खुराना ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत सुपरहिट फिल्म ‘दंगल’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’, ‘लुका छुपी’ और ‘स्त्री’ जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय से अपनी अलग पहचान बनाई। खासकर ‘स्त्री’ फ्रेंचाइजी में उनके किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया।
वे वेब सीरीज ‘जुबली’ में भी नजर आए, जहां उनके अभिनय को आलोचकों और दर्शकों दोनों ने सराहा। हाल ही में वह फिल्म ‘खुली किताब’ में दिखाई दिए, जिसमें पंकज कपूर और डिंपल कपाड़िया मुख्य भूमिकाओं में थे।
अपारशक्ति जल्द ही एक तमिल फिल्म में भी नजर आने वाले हैं। हालांकि फिलहाल वह अभिनय की दुनिया में सक्रिय हैं, लेकिन उनका यह बयान साफ संकेत देता है कि भविष्य में वह अपनी रचनात्मकता को एक नए रूप में दुनिया के सामने पेश करना चाहते हैं।

