सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले से पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है। सोनबरसा थाना क्षेत्र के सोहरवा गांव में शुक्रवार देर रात मारपीट की सूचना पर पहुंची डायल-112 की पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया गया। इस घटना में दारोगा पुनीत कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमले के दौरान पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया है।
मारपीट की सूचना पर गांव पहुंची थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, गांव में किसी विवाद के बाद एक व्यक्ति ने डायल-112 पर फोन कर अपने साथ मारपीट किए जाने की सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और विवाद को शांत कराने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मियों को वहां से पीछे हटना पड़ा। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं।
पुलिस वाहन में भी की गई तोड़फोड़
हमले के दौरान पुलिस की गाड़ी को भी निशाना बनाया गया। वाहन के आगे के हिस्से और शीशे को नुकसान पहुंचाया गया। इसके अलावा गाड़ी के दरवाजे में भी तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मौके पर हंगामा और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी पीछे हटते और भागते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग उनका पीछा करते दिखाई देते हैं।
वीडियो में फायरिंग जैसी आवाजें सुनाई देने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, वास्तव में फायरिंग हुई थी या नहीं और अगर हुई तो इसमें किसकी भूमिका थी, इसकी आधिकारिक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घायल पुलिसकर्मियों का कराया गया इलाज
हमले में घायल दारोगा पुनीत कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां सभी का प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना में कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है।
गांव में अतिरिक्त बल तैनात
पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलने के बाद सोनबरसा थाना पुलिस के साथ आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसएसबी के जवानों की भी तैनाती की गई।
एएसपी आशीष आनंद भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटना के सिलसिले में सात लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

