पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। 25 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। अब सिया के भाई साहिल गोयल से भी करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।
साहिल गोयल से 10 घंटे पूछताछ
पुलिस ने शुक्रवार को सिया गोयल के भाई साहिल गोयल को पूछताछ के लिए बुलाया था। लंबी पूछताछ के बाद देर शाम उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साहिल से सिया और चेतन चौधरी के संबंधों को लेकर कई सवाल पूछे गए।
साहिल ने पुलिस को बताया, “अगर सिया ने कभी यह कहा होता कि उसे केतन पसंद नहीं है, तो परिवार शादी रद्द कर देता।”
सूत्रों के मुताबिक, साहिल को सिया और चेतन के कथित प्रेम संबंधों की जानकारी पहले से थी। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने इस बारे में परिवार के अन्य सदस्यों को क्यों नहीं बताया।
हत्या से पहले और बाद के चैट्स डिलीट
जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि सिया और चेतन ने हत्या से पहले और घटना के बाद अपने मोबाइल फोन से कई चैट्स डिलीट कर दी थीं। इतना ही नहीं, दोनों ने मोबाइल का रिसाइकल बिन भी खाली कर दिया था, ताकि कोई डिजिटल सबूत हाथ न लग सके।
पुलिस का दावा है कि 18 जून से पहले और लोहागढ़ में हुई घटना के बाद दोनों आरोपियों ने आपसी बातचीत के रिकॉर्ड मिटाने की कोशिश की। अब पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि डिलीट किए गए डेटा को रिकवर किया जा सके।
सिया का नया दावा
पूछताछ के दौरान सिया गोयल ने पुलिस के सामने एक नया दावा किया है। सिया का कहना है कि केतन के सिर पर बाल कम थे और वह विग पहनता था। सिया के अनुसार, उसे यह बात पसंद नहीं थी और वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी।
सिया ने दावा किया कि इसी कारण उसका चेतन चौधरी के साथ संबंध बना और बाद में दोनों ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची।
हालांकि, इस दावे को केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि केतन के सिर पर बालों का एक छोटा हिस्सा मेडिकल कारणों से कम था और इस बारे में शादी तय होने से पहले ही सिया और उसके परिवार को जानकारी दे दी गई थी।
विशाल अग्रवाल ने कहा, “अगर सिया को कोई आपत्ति थी, तो वह शादी से इनकार कर सकती थी। हत्या जैसा कदम उठाने की कोई जरूरत नहीं थी।”
एक-दूसरे पर लगा रहे आरोप
फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी सात दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस दोनों से संयुक्त और अलग-अलग पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान दोनों आरोपियों ने एक-दूसरे पर साजिश रचने के आरोप लगाए हैं।
जहां सिया का कहना है कि हत्या की योजना चेतन ने बनाई थी, वहीं चेतन ने आरोप लगाया है कि पूरी साजिश सिया ने रची थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं चेतन, निजी संदेशों और रिकॉर्ड की गई कॉल के जरिए सिया को ब्लैकमेल तो नहीं कर रहा था।
फिलहाल, पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। आने वाले दिनों में जांच से कई और अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

