15 Jun 2026, Mon

‘लगान’ की ‘गौरी’ ग्रैसी सिंह का बदल गया अंदाज, चुनी धर्म की राह, बनीं ब्रम्हकुमारी, सादगी से गुजार रहीं जिंदगी

मुंबई: बॉलीवुड की ऐतिहासिक फिल्म ‘लगान’ को रिलीज हुए 25 साल पूरे हो चुके हैं। इस खास मौके पर फिल्म की पूरी स्टारकास्ट एक साथ नजर आई और पुराने दिनों की यादें ताजा की गईं। हालांकि इस समारोह में सबसे ज्यादा चर्चा जिस कलाकार की हुई, वह थीं फिल्म में ‘गौरी’ का यादगार किरदार निभाने वाली अभिनेत्री ग्रेसी सिंह। लंबे समय बाद सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आईं ग्रेसी को देखकर कई लोग उन्हें पहचान भी नहीं पाए।

एक समय बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल रहीं ग्रेसी सिंह अब फिल्मी दुनिया की चकाचौंध से पूरी तरह दूर हैं और सादगी भरी जिंदगी जी रही हैं। ‘लगान’ की सफलता के बाद उन्होंने कई बड़ी फिल्मों में काम किया, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने अभिनय से दूरी बना ली और आध्यात्मिक जीवन की ओर रुख कर लिया।

साल 2001 में रिलीज हुई ‘लगान’ भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म में आमिर खान के साथ ग्रेसी सिंह की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। गांव की सीधी-सादी लड़की ‘गौरी’ के किरदार में ग्रेसी ने अपनी मासूमियत और सहज अभिनय से लाखों लोगों का दिल जीत लिया था। यही फिल्म उनके करियर की सबसे बड़ी पहचान बन गई।

‘लगान’ की सफलता के बाद ग्रेसी सिंह ने कई बड़े सितारों के साथ काम किया। संजय दत्त के साथ फिल्म ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’ में उनका किरदार काफी पसंद किया गया। इसके अलावा उन्होंने अजय देवगन के साथ ‘गंगाजल’ और अमिताभ बच्चन व अनिल कपूर के साथ ‘अरमान’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया। हालांकि ‘लगान’ और ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’ जैसी सफलता उन्हें दोबारा नहीं मिल सकी।

ग्रेसी सिंह ने अपने करियर की शुरुआत एक क्लासिकल डांसर के रूप में की थी। वह ‘द प्लैनेट्स’ नामक डांस ग्रुप के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेती थीं। अभिनय की दुनिया में उन्होंने 1997 में टीवी सीरियल ‘अमानत’ से कदम रखा था। इसके बाद उन्हें ‘लगान’ जैसी बड़ी फिल्म मिली, जिसने रातोंरात उन्हें स्टार बना दिया।

दिलचस्प बात यह है कि ‘लगान’ को ऑस्कर अवॉर्ड्स में ‘बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म’ श्रेणी में नामांकन भी मिला था। यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारतीय सिनेमा की चुनिंदा फिल्मों में से एक थी। इसके बावजूद ग्रेसी सिंह का करियर उम्मीदों के मुताबिक आगे नहीं बढ़ सका।

बॉलीवुड में लगातार कुछ फिल्मों के असफल होने के बाद ग्रेसी ने दक्षिण भारतीय, पंजाबी, गुजराती और बंगाली फिल्मों में भी काम किया। हालांकि वहां भी उन्हें बड़ी सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने मनोरंजन जगत से दूरी बनाते हुए आध्यात्मिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों पर अधिक ध्यान देना शुरू कर दिया।

हाल ही में ‘लगान’ के 25 साल पूरे होने के जश्न में शामिल हुईं ग्रेसी सिंह का बदला हुआ अंदाज चर्चा का विषय बन गया। सादगी भरे लुक और शांत व्यक्तित्व के साथ नजर आईं अभिनेत्री की लोगों ने जमकर तारीफ की। सोशल मीडिया पर भी उनके वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जहां फैंस उन्हें देखकर पुरानी यादों में खो गए।

आज भले ही ग्रेसी सिंह फिल्मों से दूर हों, लेकिन ‘लगान’ की गौरी के रूप में उनकी पहचान और योगदान भारतीय सिनेमा के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *