Preity Zinta ने सोशल मीडिया पर आधी रात को एक ऐसा पोस्ट किया, जिसने क्रिकेट फैंस के बीच हलचल मचा दी। Punjab Kings की लगातार चार हार के बाद सोशल मीडिया पर टीम और खिलाड़ियों को लेकर कई तरह की अफवाहें फैल रही थीं। इन्हीं खबरों और दावों से नाराज होकर पंजाब किंग्स की सह-मालकिन प्रीति जिंटा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, आईपीएल के मौजूदा सीजन में Punjab Kings ने शानदार शुरुआत की थी। टीम ने शुरुआती मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया था। Shreyas Iyer की कप्तानी में पंजाब की टीम बेहतरीन लय में नजर आ रही थी और माना जा रहा था कि इस बार टीम आसानी से प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। शुरुआती सात मैचों में पंजाब ने छह जीत और एक मैच बारिश के कारण रद्द होने के चलते कुल 13 अंक हासिल किए थे।
लेकिन इसके बाद टीम का प्रदर्शन अचानक गिर गया। Rajasthan Royals से मिली हार के बाद पंजाब लगातार चार मुकाबले हार चुकी है। टीम अभी भी टॉप-4 में बनी हुई है, लेकिन एक और हार उसकी प्लेऑफ की राह मुश्किल कर सकती है।
लगातार हार के बाद सोशल मीडिया पर टीम को लेकर कई तरह की बातें फैलने लगीं। कुछ पोस्ट में खिलाड़ियों की फिटनेस पर सवाल उठाए गए, तो कुछ में दावा किया गया कि कप्तान Shreyas Iyer और खिलाड़ियों के बीच मतभेद हैं। यहां तक कि खिलाड़ियों की निजी जिंदगी और उनकी गर्लफ्रेंड्स को लेकर भी चर्चाएं होने लगीं। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर चल रही इन अफवाहों ने टीम प्रबंधन को नाराज कर दिया।
इसी बीच प्रीति जिंटा ने देर रात सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि आलोचना और सोची-समझी गलत जानकारी फैलाने में फर्क होता है। उन्होंने कहा कि खेल को लेकर चर्चा और विश्लेषण का स्वागत है, लेकिन किसी खिलाड़ी, टीम या ब्रांड को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से झूठी बातें फैलाना गलत है।
Preity Zinta ने मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की कि केवल सत्यापित जानकारी ही साझा करें। उन्होंने लिखा कि मीडिया प्रोफेशनल्स को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और बिना पुष्टि के अफवाहों को बढ़ावा नहीं देना चाहिए।
उनका यह पोस्ट रात करीब 1 बजे के बाद किया गया, जिससे साफ जाहिर होता है कि वह इन अफवाहों से काफी नाराज थीं। क्रिकेट फैंस भी अब इस पोस्ट को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग प्रीति जिंटा के समर्थन में नजर आए, जबकि कुछ ने टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठाए।
अब पंजाब किंग्स की नजर अपने अगले मुकाबले पर है। टीम का अगला मैच Mumbai Indians के खिलाफ 14 मई को धर्मशाला में खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर मानी जा रही है, ऐसे में पंजाब के लिए यह मुकाबला बेहद अहम होगा।
अगर पंजाब यह मैच जीतने में सफल रहती है तो उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें मजबूत हो जाएंगी। वहीं टीम चाहेगी कि मैदान पर बेहतर प्रदर्शन कर सोशल मीडिया पर फैल रही तमाम अफवाहों का जवाब भी दिया जाए।

