पाकिस्तान में महंगाई से जूझ रही जनता को एक बार फिर ईंधन की बढ़ी कीमतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (एचएसडी) के दाम में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। पेट्रोल की कीमत में 4.10 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल की कीमत में 6.41 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। नई कीमतें लागू होने के बाद पेट्रोल 384.34 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल 415.83 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
ईंधन की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय की गई है, जब पश्चिम एशिया में तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में कीमतों और सप्लाई को लेकर दबाव बना हुआ है। पाकिस्तान सरकार के सामने बढ़ती ईंधन लागत के साथ-साथ घरेलू स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों की खपत को नियंत्रित करने की चुनौती भी है।
ईंधन खपत कम करने की तैयारी
ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बाद सरकार पेट्रोलियम उत्पादों की खपत कम करने के लिए कई विकल्पों पर विचार कर रही है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में ट्रांसपोर्ट सेक्टर में ईंधन की खपत घटाने के उपायों को लेकर बैठक भी हुई। इसमें सरकारी और निजी क्षेत्र से जुड़े अलग-अलग प्रस्तावों की समीक्षा की गई।
सरकार जिन उपायों पर विचार कर रही है, उनमें ‘स्मार्ट लॉकडाउन’ भी शामिल है। इसके तहत कामकाज के दिनों और बाजारों के संचालन के समय में बदलाव जैसे कदम उठाए जा सकते हैं, ताकि परिवहन और व्यावसायिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन की खपत को कम किया जा सके।
तेल सप्लाई में रुकावट की आशंका
पाकिस्तान में ईंधन की कीमतें ऐसे समय बढ़ाई गई हैं, जब होर्मुज और बाब अल-मंदेब स्ट्रेट की सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता जताई जा रही है। इन महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों से तेल की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका अंतरराष्ट्रीय बाजार पर भी असर डाल सकती है।
पाकिस्तान के अधिकारियों ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में बढ़ती कीमतें देश की अर्थव्यवस्था के लिए चुनौती बन रही हैं। सरकार के सामने यह भी चुनौती है कि बढ़ती लागत का पूरा बोझ आम लोगों पर न पड़े।
पेट्रोल पर सब्सिडी देने की योजना
बढ़ी हुई कीमतों के असर को कम करने के लिए सरकार ने ईंधन राहत योजना के तहत कुछ उपभोक्ताओं को सब्सिडी वाला पेट्रोल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। इसके तहत मोटरसाइकिल चालकों को हर सप्ताह 5 लीटर सब्सिडी वाला पेट्रोल देने की योजना है। वहीं, कार मालिकों को हर 10 दिन में 10 लीटर सब्सिडी वाला पेट्रोल उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
बिजली उत्पादन जारी रखने पर जोर
ईंधन की सप्लाई से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद पाकिस्तान सरकार का कहना है कि घरेलू संसाधनों का अधिकतम इस्तेमाल करते हुए बिजली संयंत्रों को चालू रखने में सफलता मिली है। अब ईंधन की खपत कम करने के लिए अतिरिक्त उपायों पर विचार किया जा रहा है।
इससे पहले भी ईंधन की कमी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव के दौरान पाकिस्तान में कामकाज के दिनों को सीमित करने और बाजारों को निर्धारित समय से पहले बंद करने जैसे कदम उठाए गए थे। अब बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच सरकार एक बार फिर ऐसे उपायों पर विचार कर रही है।

