भारतीय सिनेमा की दिग्गज प्लेबैक सिंगर Alka Yagnik को हाल ही में देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में से एक पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में भारत की राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस खास मौके पर अलका याग्निक की मौजूदगी ने उनके प्रशंसकों को भावुक कर दिया। लंबे समय बाद सार्वजनिक रूप से नजर आईं अलका को देखकर फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित नजर आए। अब सिंगर ने खुद सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपनी स्वास्थ्य स्थिति और बीते दो वर्षों के संघर्ष के बारे में खुलकर बात की है।
पद्म भूषण सम्मान मिलने के बाद अलका याग्निक ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक इमोशनल नोट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से वह लाइमलाइट और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर थीं। उन्होंने लिखा कि इस दौरान वह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं और इसी वजह से उन्होंने लोगों के सामने आने से दूरी बना ली थी।
अलका ने अपने पोस्ट में कहा, “पिछले दो सालों से मैं लोगों के सामने आने और अपने सफर के बारे में ज्यादा कुछ साझा करने से दूर रही हूं। आप में से कई लोग जानते थे कि मैं सेहत से जुड़ी कई चुनौतियों का सामना कर रही थी। इस कठिन समय में आपके प्यार, दुआओं, संदेशों और समर्थन ने मुझे आगे बढ़ने की ताकत दी।”
सिंगर ने आगे लिखा कि जब वह देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मानों में से एक प्रतिष्ठित पद्म भूषण को प्राप्त करने के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचीं, तो उनका दिल कृतज्ञता से भर गया। उन्होंने इस सम्मान को बेहद विनम्र करने वाला क्षण बताया।
अलका याग्निक ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि उन सभी श्रोताओं का भी है जिन्होंने दशकों तक उनकी आवाज को अपने जीवन का हिस्सा बनाया। उन्होंने कहा, “यह सम्मान उन सभी लोगों का है जिन्होंने मेरे गीतों को प्यार दिया, उन्हें पीढ़ियों तक पहुंचाया और हर अच्छे-बुरे समय में मेरा साथ दिया।”
उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी बताया कि वह अब धीरे-धीरे स्वस्थ हो रही हैं और सामान्य जीवन में वापसी की कोशिश कर रही हैं। अलका ने लिखा, “मैं धीरे-धीरे अपना रास्ता वापस पा रही हूं। मैं आज यहां सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए मौजूद थी जो इस पूरे सफर में मेरे साथ खड़े रहे।”
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में अलका याग्निक ने अपने प्रशंसकों को यह जानकारी देकर चौंका दिया था कि वह ‘सेंसोरिन्यूरल हियरिंग लॉस’ नामक एक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित हैं। यह समस्या एक वायरल संक्रमण के कारण हुई थी। इस बीमारी के चलते उन्हें सार्वजनिक कार्यक्रमों और संगीत जगत की गतिविधियों से दूरी बनानी पड़ी।
चार दशकों से अधिक लंबे करियर में अलका याग्निक ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को अनगिनत सुपरहिट गीत दिए हैं। उनकी मधुर आवाज आज भी करोड़ों संगीत प्रेमियों के दिलों में बसती है। पद्म भूषण से सम्मानित होना न केवल उनके शानदार करियर का सम्मान है, बल्कि उनके संघर्ष, समर्पण और संगीत के प्रति जुनून का भी प्रतीक है।

