22 Sep 2026, Tue

जाते-जाते मानसून फिर दिखाएगा तेवर, आज कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट; मौसम विभाग की चेतावनी

देश के कई हिस्सों में मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन जाते-जाते यह कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर दिखा रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार यानी 22 सितंबर को कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र भी आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटे में डिप्रेशन और इसके बाद डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके 23 सितंबर की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट के पास पहुंचने की संभावना है।

इस मौसम प्रणाली का सबसे ज्यादा असर 24 सितंबर को देखने को मिल सकता है। इस दौरान ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके चलते इन राज्यों में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

यूपी के पूर्वी हिस्सों में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में मंगलवार को पूर्वी हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

वहीं, राजधानी लखनऊ में मौसम गर्म रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 सितंबर से उत्तर प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ने के संकेत हैं।

झारखंड में 26 सितंबर तक बारिश का दौर

झारखंड के कई जिलों में मंगलवार को भारी बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। रांची, बोकारो, धनबाद, देवघर, गिरिडीह और हजारीबाग समेत कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य में बारिश का यह दौर 26 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

दिल्ली में फिलहाल राहत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश से राहत रहने की संभावना है। 22 से 24 सितंबर के बीच आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान दिल्ली में दिन का तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

इन राज्यों से शुरू हो चुकी मानसून की वापसी

राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। आने वाले दिनों में दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से भी मानसून की विदाई शुरू हो सकती है।

हालांकि, मानसून की वापसी के बीच बंगाल की खाड़ी में बने मौसम सिस्टम के कारण पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 24 सितंबर के आसपास ओडिशा और छत्तीसगढ़ में इसका असर अधिक देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *