भारतीय खाने की थाली में अचार की अपनी खास जगह है। दाल-चावल हो, रोटी-सब्जी हो या फिर गरमा-गरम पराठे, साथ में थोड़ा सा अचार मिल जाए तो साधारण खाना भी बेहद स्वादिष्ट लगने लगता है। अगर आपको तीखा और चटपटा स्वाद पसंद है, तो हरी मिर्च का खट्टा-तीखा अचार जरूर पसंद आएगा। इसे घर पर बनाना भी काफी आसान है। कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर आप ऐसा अचार तैयार कर सकते हैं, जो स्वाद में बढ़िया होने के साथ कुछ समय तक आसानी से रखा भी जा सके।
अचार बनाने के लिए चाहिए ये सामग्री
हरी मिर्च का अचार तैयार करने के लिए करीब 250 ग्राम ताजी हरी मिर्च लें। खटास के लिए 2 चम्मच अमचूर पाउडर इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा 2 चम्मच दरदरी पिसी पीली राई, 2 चम्मच दरदरी पिसी सौंफ, 1 चम्मच हल्का भुना और पिसा मेथी दाना तथा आधी चम्मच कलौंजी लें।
मसालों में आधी चम्मच हल्दी और आधी चम्मच हींग की जरूरत होगी। स्वाद के अनुसार करीब डेढ़ चम्मच सफेद नमक और आधी चम्मच काला नमक डालें। अचार के लिए 4 से 5 बड़े चम्मच सरसों का तेल इस्तेमाल किया जा सकता है।
मिर्च को तैयार करना है सबसे जरूरी
सबसे पहले हरी मिर्च को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद साफ सूती कपड़े से इन्हें पूरी तरह पोंछना बेहद जरूरी है। मिर्च पर पानी या नमी बिल्कुल नहीं रहनी चाहिए। आप इन्हें कुछ देर पंखे के नीचे या हल्की धूप में भी रख सकते हैं।
जब मिर्च पूरी तरह सूख जाए तो उनके डंठल हटा दें। अब हर मिर्च में बीच से लंबा चीरा लगाएं। ध्यान रखें कि मिर्च पूरी तरह दो हिस्सों में न कटे, ताकि इसमें मसाला आसानी से भरा जा सके।
ऐसे तैयार करें अचार का मसाला
एक साफ कटोरी में दरदरी पिसी राई, सौंफ, मेथी दाना और कलौंजी डालें। इसमें हल्दी, हींग, अमचूर पाउडर, सफेद नमक और काला नमक मिलाकर सभी मसालों को अच्छी तरह मिक्स कर लें।
अब एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें। तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें। तेल को बहुत गर्म अवस्था में मसाले में न डालें। जब तेल हल्का गुनगुना रह जाए तो इसका करीब आधा हिस्सा मसाले में डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
मिर्च में भरें मसाला और करें स्टोर
तैयार मसाले को चम्मच की मदद से हरी मिर्च के चीरे के अंदर भरें। इसी तरह सभी मिर्चों में मसाला भर लें। अब इन्हें एक साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में रखें।
ऊपर से बचा हुआ सरसों का तेल डाल दें, ताकि मिर्च और मसाले तेल की हल्की परत से ढक जाएं। जार को बंद करके इसे कुछ समय के लिए रख दें। कुछ दिनों में मसालों और तेल का स्वाद मिर्च में अच्छी तरह उतरने लगेगा और अचार का स्वाद और भी बेहतर हो जाएगा।
अचार को खराब होने से ऐसे बचाएं
अचार बनाते समय सबसे ज्यादा ध्यान नमी से बचाव पर देना चाहिए। मिर्च पूरी तरह सूखी होनी चाहिए और जार भी साफ व सूखा होना जरूरी है। अचार निकालने के लिए हमेशा सूखे और साफ चम्मच का इस्तेमाल करें। इससे अचार में नमी जाने का खतरा कम होगा।
राई और अमचूर इस अचार को खट्टा-चटपटा स्वाद देने में अहम भूमिका निभाते हैं। अगर आपको ज्यादा तीखा स्वाद पसंद नहीं है, तो मिर्च की तीव्रता के अनुसार मसालों की मात्रा थोड़ी कम-ज्यादा कर सकते हैं।

