जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित भव्य मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 प्रतियोगिता में केरल की 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो ने शानदार जीत दर्ज करते हुए देश के प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। देशभर से आईं 53 से अधिक प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद काजिया को विजेता घोषित किया गया। इस जीत के साथ ही उन्होंने केरल के लिए भी इतिहास रच दिया है। काजिया इस खिताब को जीतने वाली राज्य की पहली महिला बन गई हैं।
काजिया लिज मेजो की इस उपलब्धि के बाद अब उनकी नजर अंतरराष्ट्रीय मंच पर है। वह इसी साल नवंबर में प्यूर्टो रिको में आयोजित होने वाले 75वें मिस यूनिवर्स कॉम्पिटिशन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। ऐसे में देश की निगाहें अब उनकी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी पर टिकी हैं।
तमिलनाडु की वैष्णवी बनीं फर्स्ट रनर-अप
जयपुर में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में काजिया को तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश से कड़ी टक्कर मिली। आखिरकार काजिया ने बाजी मारते हुए मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज अपने नाम किया, जबकि वैष्णवी गणेश को प्रथम उपविजेता चुना गया।
वहीं गुजरात की अनुश्री सातवलेकर दूसरे स्थान पर रहीं। उन्हें सेकेंड रनर-अप के साथ मिस इंटरनेशनल इंडिया 2026 का खिताब भी दिया गया। प्रतियोगिता के अंतिम चरण में प्रतिभागियों ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और विचारों से जजों को प्रभावित करने की कोशिश की।
सुष्मिता सेन समेत ये सितारे बने जज
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में देश की पहली मिस यूनिवर्स और अभिनेत्री सुष्मिता सेन ने जूरी पैनल की अगुवाई की। उनके साथ पूर्व मिस यूनिवर्स इंडिया उर्वशी रौतेला और अभिनेत्री सेलिना जेटली भी जज के तौर पर मौजूद रहीं। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न राउंड में परखा गया।
पिछले साल की मिस यूनिवर्स इंडिया विजेता मनिका विश्वकर्मा ने काजिया लिज मेजो को विजेता का ताज पहनाया। क्राउनिंग सेरेमनी का यह पल काजिया के लिए बेहद खास और भावुक रहा।
कौन हैं काजिया लिज मेजो?
केरल के मावेलिक्कारा से ताल्लुक रखने वाली काजिया लिज मेजो पढ़ाई के साथ मॉडलिंग और अभिनय के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वह कानून की पढ़ाई कर रही हैं और एक मॉडल, अभिनेत्री तथा वक्ता के तौर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। उनकी शुरुआती और माध्यमिक शिक्षा संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में हुई है।
काजिया की रुचि केवल फैशन और मॉडलिंग तक सीमित नहीं है। कला और मंच पर अपनी प्रस्तुति के साथ-साथ वह अपनी संवाद क्षमता और आत्मविश्वास के लिए भी जानी जाती हैं। अब मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब जीतने के बाद उनके सामने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
नवंबर में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी काजिया
काजिया लिज मेजो अब प्यूर्टो रिको में होने वाले 75वें मिस यूनिवर्स कॉम्पिटिशन में भारत की ओर से हिस्सा लेंगी। केरल की पहली मिस यूनिवर्स इंडिया विजेता बनने के बाद उनके पास अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और अपने राज्य का नाम रोशन करने का मौका होगा। प्रतियोगिता के बाद से ही सोशल मीडिया पर काजिया की जीत की चर्चा हो रही है और फैंस उन्हें आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

