नॉनवेज खाने के शौकीनों के लिए चिकन से बनी डिशेज हमेशा खास होती हैं। अगर आप भी बार-बार चिकन बिरयानी खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वाद में लाजवाब होने के साथ ज्यादा मेहनत वाला भी न हो, तो चिकन पुलाव एक बेहतरीन विकल्प है। इसकी खुशबू और मसालों का स्वाद खाने का जायका बढ़ा देता है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा तैयारी की जरूरत नहीं होती।
चिकन पुलाव को घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसमें बासमती चावल, मसालों और चिकन का ऐसा मेल होता है, जो इसे स्वादिष्ट और खुशबूदार बनाता है। इसे आप लंच या डिनर में परिवार के लिए बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
चिकन पुलाव के लिए जरूरी सामग्री
इसे बनाने के लिए 500 ग्राम चिकन, 2 कप बासमती चावल, 2 तेजपत्ता, 1 इंच दालचीनी, 4 हरी इलायची, 4 से 5 लौंग और 1 छोटी चम्मच जीरा लें। इसके अलावा 2 प्याज, 2 बड़े चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, आधा कप दही और 3 से 4 हरी मिर्च की जरूरत होगी।
स्वाद बढ़ाने के लिए आधी छोटी चम्मच हल्दी, 1 छोटी चम्मच गरम मसाला, 1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें। इसके साथ थोड़ा हरा धनिया, पुदीना और करीब 3 बड़े चम्मच देसी घी या तेल भी चाहिए।
सबसे पहले चिकन को करें मैरिनेट
चिकन पुलाव को स्वादिष्ट बनाने के लिए चिकन को पहले मैरिनेट करना जरूरी है। इसके लिए चिकन को अच्छी तरह धोकर एक बर्तन में रखें। इसमें दही, थोड़ा नमक, हल्दी और 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें। सभी चीजों को चिकन के साथ अच्छी तरह मिलाएं और करीब 20 मिनट के लिए मैरिनेट होने दें।
इस दौरान बासमती चावल को भी धोकर पानी में भिगोकर रख सकते हैं। इससे चावल अच्छी तरह पकेंगे और पुलाव में दाने अलग-अलग रहेंगे।
मसालों के साथ पकाएं चिकन
अब एक कड़ाही या गहरे बर्तन में घी या तेल गर्म करें। इसमें तेजपत्ता, दालचीनी, हरी इलायची, लौंग और जीरा डालें। मसालों के चटकने के बाद बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें।
इसके बाद बचा हुआ अदरक-लहसुन का पेस्ट और कटी हुई हरी मिर्च डालकर 1 से 2 मिनट तक पकाएं। अब मैरिनेट किया हुआ चिकन डालें। इसमें धनिया पाउडर और गरम मसाला मिलाकर धीमी आंच पर करीब 10 मिनट तक पकाएं।
चावल डालकर ऐसे पकाएं पुलाव
जब चिकन हल्का पक जाए तो इसमें भीगे हुए बासमती चावल डालें। साथ में कटा हुआ हरा धनिया और पुदीने की पत्तियां भी डालें। दो कप चावल के लिए करीब साढ़े तीन कप पानी डालें और स्वादानुसार नमक मिलाएं।
पानी में अच्छी तरह उबाल आने दें। इसके बाद बर्तन को ढककर धीमी आंच पर करीब 10 मिनट तक पकाएं। चावल और चिकन अच्छी तरह पक जाएं तो गैस बंद कर दें और कुछ मिनट के लिए पुलाव को ढका हुआ ही रहने दें।
तैयार चिकन पुलाव को गर्मागर्म परोसें। इसे रायते, सलाद या अपनी पसंद की चटनी के साथ खाया जा सकता है। बिरयानी से अलग स्वाद के लिए यह आसान रेसिपी आपके खाने का जायका जरूर बढ़ा सकती है।

