5 Sep 2026, Sat

सरसों के मसाले में बनाएं बिहारी स्टाइल फिश करी, यहां से नोट करें रेसिपी

बारिश के मौसम में अगर खाने की थाली में गरमा-गरम और मसालेदार फिश करी मिल जाए, तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है। अगर आप मछली की कोई ऐसी रेसिपी बनाना चाहते हैं जिसमें तीखा, चटपटा और सरसों का खास स्वाद मिले, तो बिहारी स्टाइल सरसों वाली फिश करी आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है। इस करी की खासियत इसका सरसों और लहसुन से तैयार किया गया मसालेदार पेस्ट है, जो ग्रेवी को अलग स्वाद और खुशबू देता है। इसे गरमा-गरम चावल के साथ परोसा जाए तो इसका स्वाद और भी शानदार लगता है।

फिश करी के लिए जरूरी सामग्री

इस रेसिपी के लिए करीब 500 ग्राम रोहू या कतला मछली लें। मछली को मैरीनेट करने के लिए आधा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चम्मच लहसुन का पेस्ट और स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी। मछली तलने के लिए सरसों के तेल का इस्तेमाल करें।

सरसों का खास मसाला तैयार करने के लिए 2 चम्मच पीली सरसों, 1 चम्मच काली सरसों, 10-12 लहसुन की कलियां, 1 चम्मच जीरा, आधा चम्मच काली मिर्च और 2 हरी मिर्च लें। वहीं ग्रेवी के लिए 2 मध्यम आकार के टमाटर, आधा चम्मच मेथी दाना, 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच हल्दी, 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, नमक और बारीक कटा हरा धनिया चाहिए।

सबसे पहले मछली को करें मैरीनेट

मछली के टुकड़ों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, लहसुन का पेस्ट और थोड़ा नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसे करीब 15 मिनट के लिए मैरीनेट होने दें। इसके बाद कड़ाही में सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह गर्म करें। तेल गर्म होने पर मछली के टुकड़ों को मध्यम से तेज आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और हल्का क्रिस्पी होने तक तल लें। तली हुई मछली को एक प्लेट में निकालकर रख दें।

तैयार करें सरसों और लहसुन का पेस्ट

अब मिक्सी के जार में पीली सरसों, काली सरसों, लहसुन की कलियां, जीरा, काली मिर्च और हरी मिर्च डालें। इसमें थोड़ा पानी मिलाकर एकदम बारीक पेस्ट तैयार कर लें। पेस्ट जितना महीन होगा, ग्रेवी उतनी ही अच्छी बनेगी और सरसों का स्वाद भी बेहतर तरीके से उभरकर आएगा।

धीमी आंच पर भूनें मसाला

जिस कड़ाही में मछली तली थी, उसी में बचा हुआ तेल इस्तेमाल करें। तेल में मेथी दाना डालें और चटकने दें। इसके बाद सरसों-लहसुन का तैयार पेस्ट डालकर धीमी आंच पर करीब 3 से 4 मिनट तक भूनें। अब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च डालें। थोड़ा पानी डालकर मसाले को अच्छी तरह पकाएं।

जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तब इसमें टमाटर की प्यूरी डालें और अच्छी तरह पकाएं। जरूरत के अनुसार पानी डालकर ग्रेवी की कंसिस्टेंसी तय करें और स्वादानुसार नमक मिलाएं।

आखिर में डालें तली हुई मछली

ग्रेवी अच्छी तरह पक जाए तो इसमें पहले से तली हुई मछली के टुकड़े डालें। धीमी आंच पर कुछ मिनट तक पकने दें ताकि मछली में सरसों और मसालों का स्वाद अच्छी तरह समा जाए। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें।

गरमा-गरम बिहारी स्टाइल सरसों वाली फिश करी को सादे चावल या जीरा राइस के साथ परोसें। सरसों का तीखापन, लहसुन की खुशबू और मसालों का चटपटा स्वाद इस डिश को खास बना देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *