12 Jun 2026, Fri

मुंबई में कम्युनिटी डॉग ‘माइकी’ का क्रूर मर्डर! दुर्लभ फॉरेंसिक जांच शुरू, बॉलीवुड स्टार्स कर रहे इंसाफ की मांग

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक कम्युनिटी डॉग की संदिग्ध मौत का मामला अब गंभीर जांच के दायरे में आ गया है। मलाड स्थित एक पॉश रिहायशी सोसायटी से लापता हुए ‘माइकी’ नाम के कुत्ते की मौत की जांच के लिए पहली बार डायरेक्टरेट ऑफ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्रीज (DFSL) को मैदान में उतारा गया है। यह मुंबई में शायद पहला मामला है, जब किसी कम्युनिटी डॉग की कथित हत्या की जांच फॉरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा की जा रही है।

मामला मढ़ इलाके की रहेजा एक्सोटिका सोसायटी से जुड़ा है, जहां ‘माइकी’ पिछले कई वर्षों से रह रहा था। सोसायटी के निवासियों और पशु प्रेमियों के बीच माइकी बेहद लोकप्रिय था। बताया जा रहा है कि वह वर्ष 2019-20 के आसपास सोसायटी में आया था और तब से वहीं रह रहा था। स्थानीय लोग उसकी देखभाल करते थे और उसे परिवार के सदस्य जैसा मानते थे।

मामले ने तब तूल पकड़ा जब अभिनेता संकेत कदम ने मालवणी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, अभिनेत्री मंजरी फडनिस ने उन्हें 29 मई को बताया था कि माइकी अचानक गायब हो गया है। इसके बाद सोसायटी के व्हाट्सएप ग्रुप और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश के लिए संदेश प्रसारित किए गए, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सोसायटी प्रबंधन का माइकी के प्रति रवैया पहले से नकारात्मक था। संकेत कदम का दावा है कि सोसायटी के कुछ कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने पहले भी माइकी को परिसर से हटाने की कोशिश की थी। इतना ही नहीं, उसके साथ मारपीट किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

मामले को और गंभीर तब माना गया जब सोसायटी के प्रबंधन ने कथित रूप से सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें बताया गया कि फुटेज को फॉर्मेट कर दिया गया है। इस जवाब ने संदेह को और बढ़ा दिया।

जांच के दौरान DFSL की विशेष टीम ने सोसायटी का दौरा किया और कई स्थानों से नमूने एकत्र किए। सूत्रों के अनुसार, टीम को कुछ संदिग्ध खून के निशान भी मिले हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है। इन रिपोर्टों से यह स्पष्ट हो सकेगा कि माइकी के साथ वास्तव में क्या हुआ था।

इस बीच अभिनेत्री मंजरी फडनिस ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया है। वीडियो में वह रोते हुए नजर आईं और दावा किया कि एक व्यक्ति ने स्वीकार किया है कि माइकी को पीट-पीटकर मार डाला गया और उसके शव को पास की खाड़ी में फेंक दिया गया। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की गहन जांच कर रही हैं। पशु अधिकार कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों की मांग है कि यदि माइकी के साथ क्रूरता हुई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यह मामला अब सिर्फ एक कम्युनिटी डॉग की मौत का नहीं, बल्कि पशु अधिकारों और संवेदनशीलता से जुड़े बड़े सवालों का प्रतीक बनता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *