नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश होटल में हुए भीषण अग्निकांड की जांच के दौरान लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज को लेकर अब एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस जांच में पता चला है कि लवकेश बजाज का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह इससे पहले एक फर्जी पासपोर्ट मामले में गिरफ्तार होकर तिहाड़ जेल जा चुका है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जनवरी 2025 में दिल्ली पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिकों को कथित तौर पर फर्जी भारतीय दस्तावेज और पासपोर्ट उपलब्ध कराने से जुड़े एक मामले में कार्रवाई की थी। जांच के दौरान लवकेश बजाज का नाम सामने आया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में वह लगभग 15 दिनों तक तिहाड़ जेल में रहा और बाद में अदालत से जमानत मिलने के बाद रिहा हो गया। बताया जा रहा है कि यह मामला अभी भी अदालत में विचाराधीन है।
अग्निकांड मामले में बढ़ी मुश्किलें
मालवीय नगर होटल अग्निकांड में गिरफ्तारी के बाद लवकेश बजाज की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुलिस अब उसके पुराने मामलों और होटल संचालन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि होटल में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अवैध निर्माण से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।
जांच एजेंसियों के अनुसार, हादसे के दौरान होटल की छत तक जाने वाले रास्ते को बाहर से बंद कर दिया गया था। इस कारण कई लोग सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच सके और जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदने को मजबूर हो गए। पुलिस इस पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है क्योंकि यह हादसे में जान-माल के नुकसान की बड़ी वजह बन सकता है।
हादसे के बाद मौके से फरार हो गया था मालिक
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आग लगने के तुरंत बाद लवकेश बजाज घटनास्थल से फरार हो गया था। उसने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह डर के कारण वहां से भाग गया था। पूछताछ में उसने यह भी स्वीकार किया कि हादसे के बाद वह अपने घर नहीं गया और कई घंटों तक दिल्ली की सड़कों पर घूमता रहा।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने यह भी बताया कि उसने करीब तीन वर्ष पहले अहलूवालिया नामक एक पक्ष से यह इमारत ली थी। पहले इस भवन में खादी से संबंधित एक दुकान संचालित होती थी। बाद में भवन को होटल और गेस्ट हाउस के रूप में विकसित किया गया। आरोपी के अनुसार, जब उसने इमारत अपने कब्जे में ली थी, तब उसकी स्थिति काफी जर्जर थी।
ज्यादा मुनाफे के लिए बढ़ाए गए कमरे
पूछताछ के दौरान लवकेश बजाज ने यह भी स्वीकार किया कि होटल में कमरों की संख्या बढ़ाने का फैसला अधिक कमाई के उद्देश्य से लिया गया था। उसने कहा कि होटल व्यवसाय में अच्छा मुनाफा हो रहा था, इसलिए अतिरिक्त कमरे तैयार किए गए। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या ये निर्माण कार्य कानूनी अनुमति के बिना किए गए थे।
पुलिस को अकाउंटेंट और मैनेजर की तलाश
इस मामले में होटल के अकाउंटेंट जय मिश्रा और मैनेजर राकेश की तलाश भी जारी है। जय मिश्रा दिल्ली के छतरपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है और हादसे के बाद से फरार है। पुलिस दोनों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
फिलहाल साकेत कोर्ट ने लवकेश बजाज को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। जांच एजेंसियां होटल में सुरक्षा मानकों, निर्माण संबंधी अनियमितताओं और हादसे की वास्तविक वजहों को लेकर गहन पूछताछ कर रही हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

