फूड डेस्क: राजस्थान अपनी संस्कृति, किलों और लोक संगीत के साथ-साथ अपने लाजवाब खान-पान के लिए भी दुनिया भर में प्रसिद्ध है। यहां की पारंपरिक डिश लाल मास नॉन-वेज खाने के शौकीनों के बीच खास पहचान रखती है। इसका तीखा स्वाद, लाल रंग और मसालों की अनोखी खुशबू इसे अन्य मटन डिशेज से अलग बनाती है। राजस्थान के शाही घरानों से लेकर आम लोगों तक, लाल मास सदियों से पसंदीदा व्यंजन रहा है।
लाल मास को कई जगह जंगली मास के नाम से भी जाना जाता है। इस डिश की सबसे बड़ी खासियत इसमें इस्तेमाल होने वाली मथानिया मिर्च है। राजस्थान के जोधपुर क्षेत्र में पैदा होने वाली यह खास मिर्च बहुत ज्यादा तीखी नहीं होती, लेकिन इसका गहरा लाल रंग और शानदार फ्लेवर लाल मास को एक अलग पहचान देता है। इसी वजह से इस डिश का नाम भी लाल मास पड़ा।
लाल मास बनाने के लिए जरूरी सामग्री
मैरिनेशन के लिए:
- 1 किलो मटन
- 2 बड़े चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
ग्रेवी के लिए:
- ¼ कप घी
- 2-3 लौंग
- 10 काली मिर्च
- 2 छोटी इलायची
- 1 बड़ी इलायची
- 250 ग्राम बारीक कटा प्याज
- 20 मथानिया मिर्च का पेस्ट
- 200 ग्राम दही
- 1.5 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर
- ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- स्वादानुसार नमक
- आवश्यकतानुसार सरसों का तेल
ऐसे बनाएं स्वादिष्ट लाल मास
सबसे पहले मथानिया मिर्च को 1 से 2 घंटे तक पानी में भिगोकर रखें। इसके बाद मिर्च को निकालकर मिक्सर में पीस लें और चिकना पेस्ट तैयार कर लें। दूसरी ओर मटन को अच्छी तरह धोकर उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट मिलाएं और करीब 1 से 2 घंटे तक मैरिनेट होने दें।
अब एक भारी तले की कड़ाही या प्रेशर कुकर में घी गर्म करें। इसमें लौंग, काली मिर्च और इलायची डालकर कुछ सेकंड तक भूनें। फिर कटे हुए प्याज डालें और सुनहरा होने तक पकाएं। इसके बाद मैरिनेट किया हुआ मटन डालकर अच्छी तरह भून लें।
जब मटन हल्का ब्राउन होने लगे तो इसमें मथानिया मिर्च का पेस्ट, दही, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें। सभी मसालों को अच्छी तरह मिलाकर मध्यम आंच पर पकाएं। मसाले से तेल अलग होने लगे तो थोड़ा पानी डालकर मटन को धीमी आंच पर गलने तक पकाएं।
परोसने का सही तरीका
जब मटन पूरी तरह नरम हो जाए और ग्रेवी गाढ़ी हो जाए, तो आपका स्वादिष्ट लाल मास तैयार है। इसे बाजरे की रोटी, तंदूरी रोटी, नान या सादे चावल के साथ परोसा जा सकता है।
राजस्थान की यह पारंपरिक डिश अपने तीखे स्वाद और खास मसालों की वजह से हर नॉन-वेज प्रेमी की पसंद बन चुकी है। अगर आप घर पर कुछ अलग और रेस्टोरेंट जैसा स्वाद ट्राई करना चाहते हैं, तो लाल मास की यह आसान रेसिपी जरूर आजमाएं।

