पाकिस्तान में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से परेशान आम लोगों को राहत देने के लिए सरकार ने बड़ी योजना की घोषणा की है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल के दाम 370 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गए हैं। बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पेट्रोल खरीदने वाले चुनिंदा वाहन मालिकों को 100 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी देने का ऐलान किया है।
दोपहिया और तिपहिया वाहन चालकों को मिलेगी राहत
सरकार की नई योजना का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को राहत देना है, जिनके लिए रोजमर्रा की आवाजाही के लिए पेट्रोल जरूरी है। योजना के तहत मोटरसाइकिल और रिक्शा चलाने वाले लोगों को हर महीने अधिकतम 20 लीटर पेट्रोल पर सब्सिडी दी जाएगी।
इसका मतलब है कि पात्र लोगों को हर लीटर पेट्रोल पर 100 पाकिस्तानी रुपये की सीधी राहत मिलेगी। मौजूदा कीमतों को देखते हुए यह आम वाहन चालकों के लिए काफी बड़ी राहत मानी जा रही है।
छोटी कार वालों को भी मिलेगा फायदा
सरकार ने इस योजना में छोटी कारों को भी शामिल किया है। 800 सीसी तक की कार रखने वाले लोगों को हर महीने अधिकतम 30 लीटर पेट्रोल पर 100 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी मिलेगी।
मौजूदा कीमत 370 रुपये से अधिक प्रति लीटर होने की स्थिति में सब्सिडी लागू होने के बाद पात्र लोगों को करीब 270 रुपये प्रति लीटर की दर से पेट्रोल मिल सकेगा। सरकार का दावा है कि योजना को इस तरह तैयार किया गया है कि इसका लाभ मुख्य रूप से आम नागरिकों तक पहुंचे।
पश्चिम एशिया के तनाव से बढ़ा पेट्रोल का संकट
पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी के पीछे वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को प्रमुख वजह माना जा रहा है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने तेल की सप्लाई और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों को प्रभावित किया है।
कच्चे तेल की कीमत बढ़ने का सीधा असर उन देशों पर पड़ता है, जो अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात के जरिए पूरा करते हैं। पाकिस्तान भी अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए आयात पर काफी निर्भर है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल महंगा होने से घरेलू पेट्रोल की कीमतों पर भी दबाव बढ़ गया है।
अलग-अलग चरणों में लागू होगी योजना
यह राहत योजना पहले इस्लामाबाद में लागू की जाएगी। योजना को सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात से राजधानी में शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात से इसे पूरे पाकिस्तान में लागू किया जाएगा।
सरकार की ओर से योजना के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। लोगों को आवेदन और पात्रता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
बढ़ती महंगाई के बीच सरकार का बड़ा फैसला
पेट्रोल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी को लेकर सरकार को लगातार आलोचना का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे समय में 100 रुपये प्रति लीटर सब्सिडी देने का फैसला आम लोगों के लिए राहत पहुंचाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा है कि मुश्किल समय में सरकार जनता को अकेला नहीं छोड़ेगी। हालांकि, योजना का वास्तविक असर इस बात पर निर्भर करेगा कि इसका लाभ कितने पात्र लोगों तक पहुंचता है और लंबे समय तक बढ़ती ईंधन कीमतों से राहत देने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

