14 May 2026, Thu

क्या कभी आलू का भल्ला खाया है, इतना क्रंची और चटपटा कि टिक्की का स्वाद भी लगेगा फीका, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

अगर आप चाट खाने के शौकीन हैं और हमेशा कुछ नया ट्राई करना पसंद करते हैं, तो इस बार साधारण आलू टिक्की की जगह मथुरा का मशहूर आलू भल्ला जरूर बनाएं। उत्तर प्रदेश के मथुरा, दाऊजी और आसपास के इलाकों में मिलने वाला यह खास स्ट्रीट फूड अपने अनोखे स्वाद के लिए काफी लोकप्रिय है। बाहर से कुरकुरा और अंदर से मसालेदार भल्ला देखते ही मुंह में पानी आ जाता है। खास बात यह है कि इसे घर पर बनाना बेहद आसान है और इसके लिए ज्यादा सामग्री की भी जरूरत नहीं पड़ती।

भल्ला बनाने के लिए सबसे पहले अच्छे क्वालिटी के आलू लें। आलू को अच्छी तरह धोकर उबाल लें और ठंडा होने के बाद उन्हें मैश या कद्दूकस कर लें। अब इसमें थोड़ा सा अरारोट मिलाएं। अरारोट डालने से भल्ले ज्यादा कुरकुरे बनते हैं और तलते समय टूटते भी नहीं हैं। स्वाद के अनुसार नमक डालकर मिश्रण तैयार कर लें।

इसके बाद पीली मटर को कुकर में अच्छी तरह उबाल लें। जब मटर नरम हो जाए तो उसे हल्का मैश करें और उसमें बारीक कटी हरी मिर्च, प्याज, टमाटर, अदरक के पतले टुकड़े और हरा धनिया डालें। साथ ही नमक, लाल मिर्च और गरम मसाला मिलाकर मसालेदार मिश्रण तैयार कर लें। यही भरावन भल्ले को खास स्वाद देती है।

भल्ले का असली स्वाद उसकी चटनियों में छिपा होता है। इसके लिए हरी धनिया और हरी मिर्च की तीखी चटनी तैयार करें। साथ ही इमली या आमचूर की मीठी चटनी बनाकर पहले से रख लें। मीठी चटनी के बिना भल्ले का स्वाद अधूरा माना जाता है। चाहें तो ऊपर से कद्दूकस की हुई मूली भी डाल सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।

अब कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। तैयार आलू मिश्रण की छोटी-छोटी टिक्की बनाएं और उसमें मटर वाला मसाला भर दें। इन्हें हल्के हाथों से दबाकर गोल आकार दें। जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए तो भल्लों को मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। तेज आंच पर तलने से भल्ले बाहर से जल्दी पक जाते हैं लेकिन अंदर से नरम रह जाते हैं, इसलिए मध्यम आंच सबसे बेहतर मानी जाती है।

तले हुए गरमागरम भल्लों को प्लेट में निकालें और ऊपर से हरी चटनी, मीठी चटनी, कटी प्याज, हरा धनिया और मसाले डालकर सर्व करें। चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला और दही भी डाल सकते हैं। यह स्वाद इतना लाजवाब होता है कि एक बार खाने के बाद लोग साधारण आलू टिक्की का स्वाद भूल जाते हैं।

घर में मेहमान आए हों या शाम की हल्की भूख लगी हो, मथुरा स्टाइल आलू भल्ला हर मौके के लिए परफेक्ट स्नैक साबित हो सकता है। स्वाद और चटपटेपन का यह देसी कॉम्बिनेशन बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *