बॉलीवुड के दमदार अभिनेता सनी देओल और प्रतिभाशाली कलाकार अक्षय खन्ना एक बार फिर लंबे अंतराल के बाद स्क्रीन शेयर करने जा रहे हैं। दोनों सितारों की आगामी क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘इक्का’ पिछले काफी समय से चर्चा में बनी हुई है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शक इसकी रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब मेकर्स ने इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है, जिससे फैंस के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है।
निर्देशक सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन में बनी ‘इक्का’ एक इंटेंस क्राइम-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें सस्पेंस, ड्रामा और रोमांच का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म 10 जुलाई 2026 से लोकप्रिय ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी। यह घोषणा नेटफ्लिक्स के इंडिया लाइनअप स्लेट इवेंट के दौरान की गई थी, जहां आगामी प्रोजेक्ट्स की झलक दिखाते हुए ‘इक्का’ को भी आधिकारिक रूप से पेश किया गया था।
‘इक्का’ की सबसे खास बात यह है कि सनी देओल और अक्षय खन्ना लगभग 29 साल बाद एक साथ नजर आएंगे। इससे पहले दोनों कलाकार 1997 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ में साथ दिखाई दिए थे। उस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था और यह बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुई थी। ऐसे में दोनों सितारों की जोड़ी को एक बार फिर साथ देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं।
फिल्म की कहानी एक सम्मानित और ईमानदार वकील के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी एक ऐसे मोड़ पर पहुंच जाती है जहां उसे अपने सिद्धांतों और मजबूरियों के बीच कठिन फैसला लेना पड़ता है। कहानी में वकील को एक ऐसे व्यक्ति का केस लड़ने के लिए मजबूर किया जाता है, जिस पर हत्या का आरोप है। दिलचस्प बात यह है कि यही व्यक्ति अतीत में उस वकील का कट्टर विरोधी रह चुका है और कभी उसके करियर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुका था।
अब परिस्थितियां ऐसी बन जाती हैं कि वकील को उसी शख्स का बचाव करना पड़ता है। केस जीतना उसके लिए मजबूरी बन जाता है, क्योंकि हार की स्थिति में उसकी अपनी जिंदगी और प्रतिष्ठा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। कहानी में नैतिकता, न्याय, बदला और सत्ता के खेल को बेहद रोचक अंदाज में पेश किया गया है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखने का वादा करती है।
फिल्म के फर्स्ट लुक में सनी देओल एक गंभीर और प्रभावशाली वकील के किरदार में नजर आए थे, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। वहीं अक्षय खन्ना का रहस्यमयी किरदार भी फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है। दोनों कलाकारों की दमदार अदाकारी और फिल्म की मजबूत कहानी इसे साल 2026 की चर्चित ओटीटी रिलीज में शामिल कर रही है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘इक्का’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरी उतरती है। फिलहाल, सनी देओल और अक्षय खन्ना के प्रशंसकों के लिए 10 जुलाई का इंतजार और भी खास हो गया है।

