16 Sep 2026, Wed

अंडरगारमेंट्स में छिपाकर बांग्लादेशी ला रहा था सोना बनाने वाले केमिकल पेस्ट से भरे 1.5 KG वजन के 3 कैप्सूल, CISF ने ऐसे दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम्स प्रिवेंटिव अधिकारियों ने सोना तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। अधिकारियों ने एक बांग्लादेशी यात्री को गिरफ्तार किया है, जो रासायनिक पेस्ट के रूप में सोना छिपाकर भारत लाया था। जांच के दौरान यात्री के अंडरगारमेंट्स से तीन कैप्सूल बरामद किए गए। इनमें से प्रक्रिया के बाद कुल 1.346 किलोग्राम सोना बरामद हुआ है।

बरामद सोने की टैरिफ वैल्यू करीब 1 करोड़ 88 लाख 20 हजार 715 रुपये आंकी गई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन लोग शामिल हैं।

जेद्दा से दिल्ली पहुंचा था यात्री

यह कार्रवाई 12 सितंबर 2026 को दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर की गई। जानकारी के मुताबिक, बांग्लादेशी यात्री जेद्दा से एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिए दिल्ली पहुंचा था। इसके बाद उसे उसी दिन दिल्ली से ढाका जाने वाली दूसरी उड़ान पकड़नी थी।

यात्री इंटरनेशनल ट्रांजिट एरिया में मौजूद था। इसी दौरान सुरक्षा जांच के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारियों को उस पर संदेह हुआ। इसके बाद उसकी गहन जांच की गई।

अंडरगारमेंट्स में छिपाकर रखे थे तीन कैप्सूल

तलाशी के दौरान यात्री के अंडरगारमेंट्स के अंदर भूरे-सफेद रंग के तीन अंडाकार कैप्सूल बरामद किए गए। इन कैप्सूल में रासायनिक पेस्ट के रूप में सोना छिपाए जाने का संदेह था।

पैकिंग समेत इन कैप्सूल का कुल वजन करीब 1,596 ग्राम बताया गया। बरामद सामग्री को आगे की जांच और प्रक्रिया के लिए कस्टम्स प्रिवेंटिव अधिकारियों के हवाले किया गया।

केमिकल पेस्ट से निकला 1.346 किलो सोना

यात्री को आगे की कार्रवाई के लिए टर्मिनल-3 के इंटरनेशनल अराइवल हॉल स्थित कस्टम्स प्रिवेंटिव कार्यालय लाया गया। वहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत रासायनिक पेस्ट से सोना अलग किया गया।

इस प्रक्रिया के बाद कुल 1,346 ग्राम सोना बरामद हुआ। सोना दो आयताकार छड़ों के रूप में मिला। इसकी कुल टैरिफ वैल्यू 1,88,20,715 रुपये आंकी गई है।

एयरपोर्ट पर किसी व्यक्ति को करना था हैंडओवर

पूछताछ के दौरान यात्री ने कथित तौर पर बताया कि वह जेद्दा से दिल्ली तक सोना रासायनिक पेस्ट के रूप में लेकर आया था। उसका दावा है कि उसे यह सोना दिल्ली एयरपोर्ट के इंटरनेशनल ट्रांजिट एरिया में किसी अन्य व्यक्ति को सौंपना था।

हालांकि, इससे पहले ही सुरक्षा जांच के दौरान वह अधिकारियों की पकड़ में आ गया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सोना किस व्यक्ति को सौंपा जाना था और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

मामले में बरामद सोना जब्त कर लिया गया है और गिरफ्तार यात्री से पूछताछ के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *