1 Aug 2026, Sat

‘सेट पर परेशान किया’, गौरव खन्ना पर शगुन शर्मा का आरोप, टीवी के सुपरस्टार को बताया ‘बुली’, बोलीं- बहुत तंग किया

मुंबई: स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के प्रसारण से पहले ही विवादों का दौर शुरू हो गया है। शो की कंटेस्टेंट शगुन शर्मा ने टीवी अभिनेता गौरव खन्ना पर सेट पर बुली करने और उनके साथ रूखा व्यवहार करने का आरोप लगाया है। शगुन के इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है और दर्शक इस विवाद पर अलग-अलग राय दे रहे हैं।

फिल्मीज्ञान को दिए एक इंटरव्यू में शगुन शर्मा ने कहा कि ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की शूटिंग के दौरान गौरव खन्ना का व्यवहार उनके प्रति काफी नकारात्मक था। उन्होंने दावा किया कि स्टंट टास्क के दौरान गौरव उन्हें बार-बार निशाना बनाते थे और ऐसी बातें कहते थे, जिनसे उन्हें मानसिक रूप से परेशानी हुई।

शगुन ने इंटरव्यू में कहा, “गौरव खन्ना ऐसे इंसान हैं, जिन्होंने मुझे बहुत परेशान किया और बुली किया। मुझे नहीं लगता कि मैं भविष्य में उनसे कभी मिलना चाहूंगी।” उन्होंने आरोप लगाया कि जब किसी स्टंट में कई कंटेस्टेंट असफल हो जाते थे, तब भी गौरव विशेष रूप से उन्हें ही टारगेट करते थे।

उन्होंने कहा, “अगर पांच में से चार लोग स्टंट में फेल हो जाते थे, तब भी वह सिर्फ मुझे कहते थे कि शगुन से कुछ नहीं होता। उन्होंने मेरे बारे में बहुत मीन बातें कही थीं।”

हालांकि, शगुन ने यह भी कहा कि वह गौरव खन्ना के पूरे व्यक्तित्व पर कोई अंतिम टिप्पणी नहीं करना चाहतीं। उनके अनुसार, रियलिटी शो के माहौल में लोगों का व्यवहार कई बार अलग हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह यह नहीं कहेंगी कि गौरव वास्तविक जीवन में भी वैसे ही हैं, जैसा उन्होंने सेट पर अनुभव किया।

शगुन शर्मा के इन आरोपों के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं। कुछ यूजर्स ने उनके बयान का समर्थन किया और कहा कि रियलिटी शो के दौरान प्रतियोगियों के बीच इस तरह के व्यवहार की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। वहीं दूसरी ओर, कई लोगों ने गौरव खन्ना का बचाव करते हुए कहा कि शो के प्रसारण से पहले ऐसे आरोपों को लेकर निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

गौरव खन्ना हाल के महीनों में लगातार सुर्खियों में रहे हैं। रियलिटी शोज में उनकी लोकप्रियता बढ़ी है और ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में उनकी भागीदारी को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है। हालांकि, इस विवाद पर गौरव खन्ना की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है

इस बीच गौरव की निजी जिंदगी भी चर्चा में बनी हुई है। उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला ने हाल ही में एक रियलिटी शो में अपने वैवाहिक संबंधों को लेकर कई व्यक्तिगत बातें साझा की थीं, जिसके बाद दोनों की निजी जिंदगी को लेकर भी अटकलें तेज हो गई थीं।

फिलहाल ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के प्रसारण से पहले सामने आया यह विवाद शो को अतिरिक्त चर्चा दिला रहा है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या गौरव खन्ना इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया देते हैं और शो के प्रसारण के बाद इस विवाद को लेकर क्या नई जानकारी सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *