Jowar Upma Recipe: सूजी नहीं, अब बनाएं सेहतमंद ज्वार उपमा, जानें आसान रेसिपी
अगर आप रोज-रोज सूजी का उपमा खाकर बोर हो गए हैं और कुछ हेल्दी व टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं, तो ज्वार का उपमा आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। ज्वार न सिर्फ फाइबर से भरपूर होता है, बल्कि यह डायबिटीज के मरीजों और वजन कम करने वालों के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है। यही वजह है कि आजकल हेल्दी डाइट में ज्वार से बने व्यंजन तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।
ज्वार का उपमा एक ऐसा डिश है जो स्वाद और सेहत दोनों का संतुलन बनाए रखता है। इसमें कई तरह की सब्जियों और मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। खास बात यह है कि इसे बनाना भी बेहद आसान है और यह कम समय में तैयार हो जाता है।
ज्वार उपमा बनाने के लिए सामग्री
ज्वार का उपमा बनाने के लिए आपको हाफ कप ज्वार, हाफ कप कटी हुई सब्जियां (गाजर, मटर, कॉर्न आदि), 2 चम्मच मूंगफली के दाने, एक प्याज बारीक कटा हुआ, एक टमाटर बारीक कटा हुआ, 2 हरी मिर्च, सूखी लाल मिर्च, करी पत्ते, राई-जीरा, तेल, नमक, नींबू का रस और हरा धनिया की जरूरत होगी।
ज्वार उपमा बनाने की विधि
पहला स्टेप: सबसे पहले ज्वार को अच्छी तरह धोकर रातभर पानी में भिगो दें ताकि यह नरम हो जाए।
दूसरा स्टेप: सुबह इसे कुकर में एक कप पानी और नमक डालकर लगभग 5-6 सीटी आने तक पका लें।
तीसरा स्टेप: अब कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें राई-जीरा डालें। जब ये चटकने लगे तो हरी मिर्च, सूखी लाल मिर्च, करी पत्ते, प्याज और मूंगफली डालकर भूनें।
चौथा स्टेप: इसके बाद इसमें अपनी पसंद की सब्जियां डालें और 2-3 मिनट तक अच्छे से पकाएं।
पांचवां स्टेप: अब इसमें टमाटर और थोड़ा नमक डालकर मिक्स करें और हल्का नरम होने तक पकने दें।
छठा स्टेप: अब इसमें उबला हुआ ज्वार डालें और अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर 5 मिनट तक ढककर पकाएं।
सातवां स्टेप: आखिर में हरा धनिया और नींबू का रस डालकर अच्छे से मिक्स करें।
तैयार है हेल्दी ज्वार उपमा
अब आपका स्वादिष्ट और सेहतमंद ज्वार उपमा तैयार है। इसे गर्मागर्म परोसें और हेल्दी ब्रेकफास्ट या ईवनिंग स्नैक के रूप में इसका आनंद लें। यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए एक परफेक्ट और न्यूट्रिशस डिश है।

