इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हलचल मचा रही है। फिल्म की एडवांस बुकिंग को जिस तरह की प्रतिक्रिया मिल रही है, उसने ट्रेड पंडितों को भी चौंका दिया है। खास बात यह है कि फिल्म ने रिलीज से पहले ही 2007 में आई ‘आवारापन’ के लाइफटाइम कलेक्शन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है, जिससे इसके पहले वीकेंड में शानदार कमाई की उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं।
2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ अपने समय में बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही थी। फिल्म ने पूरे थिएट्रिकल रन में करीब 7.7 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। हालांकि, बाद के वर्षों में टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर इसे जबरदस्त लोकप्रियता मिली और यह इमरान हाशमी की सबसे पसंदीदा फिल्मों में शामिल हो गई। अब उसी कल्ट फैन बेस का फायदा इसके सीक्वल को मिलता दिखाई दे रहा है।
एडवांस बुकिंग में जबरदस्त उछाल
‘आवारापन 2’ की एडवांस बुकिंग रिलीज से लगभग 48 घंटे पहले शुरू हुई थी, लेकिन शुरुआती घंटों से ही टिकट बिक्री में तेज रफ्तार देखने को मिली। रिलीज से एक दिन पहले तक फिल्म के पहले दिन के लिए 1.3 लाख से अधिक टिकट बिक चुके थे।
एडवांस बुकिंग के जरिए फिल्म ने पहले दिन के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन हासिल कर लिया है। वहीं पूरे ओपनिंग वीकेंड की एडवांस बुकिंग 9 करोड़ रुपये ग्रॉस से अधिक पहुंच चुकी है। इस तरह फिल्म ने रिलीज से पहले ही अपने पहले भाग की कुल कमाई को पार कर लिया है।
पहले भाग से कई गुना बड़ी शुरुआत की उम्मीद
तुलना करें तो 2007 में ‘आवारापन’ ने पहले दिन केवल 79 लाख रुपये कमाए थे, जबकि उसका पहला वीकेंड कलेक्शन 2.88 करोड़ रुपये रहा था।
इसके उलट, ट्रेड विश्लेषकों का अनुमान है कि ‘आवारापन 2’ पहले दिन 15 से 20 करोड़ रुपये के बीच नेट कलेक्शन कर सकती है। यदि दर्शकों की प्रतिक्रिया सकारात्मक रहती है, तो फिल्म पहले वीकेंड में घरेलू और विदेशी बाजारों में मिलाकर 100 करोड़ रुपये के करीब पहुंच सकती है।
‘बंटवारा 1947’ से होगी सीधी टक्कर
14 अगस्त को रिलीज हो रही ‘आवारापन 2’ की सीधी भिड़ंत सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से होगी। हालांकि मौजूदा एडवांस बुकिंग के आंकड़े बताते हैं कि टिकट बिक्री के मामले में इमरान हाशमी की फिल्म फिलहाल काफी आगे चल रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्म को नॉस्टैल्जिया, इमरान हाशमी की मजबूत फैन फॉलोइंग और मूल फिल्म की कल्ट लोकप्रियता का सीधा फायदा मिल रहा है।
दमदार स्टार कास्ट और वापसी
फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि इसे विशेष भट्ट ने प्रोड्यूस किया है। ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी एक बार फिर अपने चर्चित किरदार ‘शिवम पंडित’ के रूप में वापसी कर रहे हैं।
फिल्म में उनके साथ शबाना आजमी, दिशा पाटनी और सुविंदर विक्की भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
बॉक्स ऑफिस के शुरुआती संकेतों को देखते हुए कहा जा सकता है कि ‘आवारापन 2’ इमरान हाशमी के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल हो सकती है। अब सभी की नजर 14 अगस्त की रिलीज और पहले दिन की वास्तविक कमाई पर टिकी है, जो यह तय करेगी कि यह फिल्म उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।

