22 Aug 2026, Sat

यश की ‘टॉक्सिक’ ने एडवांस बुकिंग में मचाई तबाही, 24 घंटे में बिके 2.53 लाख टिकट, कमा डाले करोड़ों

मुंबई। कन्नड़ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी यह एक्शन थ्रिलर फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग ने शानदार रफ्तार पकड़ ली है और भारत में पहले दिन की एडवांस बुकिंग से फिल्म की कमाई करीब 20 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

यश की पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद ‘टॉक्सिक’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

24 घंटे में बिके लाखों टिकट

इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ को एडवांस बुकिंग में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म के अब तक करीब 2.7 लाख टिकट बिक चुके हैं। एडवांस बुकिंग के जरिए फिल्म ने करीब 19.66 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इस आंकड़े में ब्लॉक की गई सीटों से होने वाली अनुमानित कमाई भी शामिल है।

फिल्म के अलग-अलग भाषाओं में रिलीज होने का फायदा भी इसकी एडवांस बुकिंग को मिलता नजर आ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में फिल्म ने अब तक करीब 11.92 करोड़ रुपये की एडवांस कमाई दर्ज की है। इसमें कन्नड़ वर्जन सबसे आगे चल रहा है, जबकि हिंदी वर्जन को भी दर्शकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

कन्नड़ वर्जन सबसे आगे

‘टॉक्सिक’ की एडवांस बुकिंग में कन्नड़ वर्जन का प्रदर्शन सबसे मजबूत बताया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, कन्नड़ वर्जन ने करीब 7.72 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। वहीं हिंदी वर्जन से करीब 3.86 करोड़ रुपये की एडवांस कमाई हुई है।

इसके अलावा तमिल, तेलुगु और मलयालम वर्जन से भी फिल्म को एडवांस बुकिंग के जरिए कमाई हो रही है। ओपनिंग डे की एडवांस बिक्री में कर्नाटक सबसे आगे है। यश की लोकप्रियता का सीधा फायदा फिल्म के टिकटों की बिक्री में देखने को मिल रहा है।

हैदराबाद में होगा भव्य प्री-रिलीज इवेंट

रिलीज से पहले फिल्म के मेकर्स ने हैदराबाद में एक भव्य प्री-रिलीज इवेंट आयोजित करने का फैसला किया है। यह कार्यक्रम 22 अगस्त को मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में शाम 5 बजे से शुरू होगा। इवेंट में यश के अलावा फिल्म की पूरी कास्ट के शामिल होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और फिल्म से जुड़े अन्य कलाकार भी मौजूद रहेंगे। इसे फिल्म की आखिरी बड़ी प्रमोशनल एक्टिविटी माना जा रहा है।

‘टॉक्सिक’ की एडवांस बुकिंग के आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर शानदार ओपनिंग मिल सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद यश की यह फिल्म एडवांस बुकिंग के उत्साह को बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में कितना बदल पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *